रजौन (बांका): नवादा बाजार सब्जी हाट परिसर में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर स्थापित प्रतिमा विसर्जन के साथ सोमवार को तीन दिवसीय मेला संपन्न हुआ। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर नवादा बाजार हाट परिसर में प्रतिमा स्थापित कर तीन दिवसीय कार्तिक मेले का आयोजन किया गया था, जो सोमवार को धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। गाजे-बाजे के साथ नवादा बाजार नवयुवक कार्तिक पूजा समिति एवं क्षेत्रवासियों के द्वारा भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान कार्तिक, गणेश, शंकर, माता पार्वती, लक्ष्मी, सरस्वती आदि देवी-देवताओं के प्रतिमा को नम आंखों के साथ विदाई दी। विदाई कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भाव विह्लल हो गए। पार्वती नंदन की जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। नवादा बाजार में निकाली गई शोभायात्रा में बैंड बाजा और डीजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरके। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना की और अगले बरस फिर से आने का उन्हें निमंत्रण दिया। इसके बाद कोल्हनी नदी में प्रतिमा को विसर्जित किया गया। इसके साथ ही शांतिपूर्ण वातावरण में तीन दिवसीय कार्तिक मेले का समापन हो गया।
रिपोर्ट: केआर राव