रजौन (बांका): नवादा सहायक थानाध्यक्ष मोहम्मद नसीम खां ने गुरुवार की अहले सुबह गुप्त सूचना पर छापेमारी के क्रम में जगदीशपुर-सन्हौला सड़क मार्ग स्थित कोतवाली चौक के पास एक बाइक सवार शराब तस्कर दम्पति को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि बाइक सवार पुलिस को देखकर भागलपुर-गोराडीह सड़क मार्ग में तेज रफ्तार में भागने लगा, पुलिस के पीछा करने पर बाइक चालक कोतवाली-भागलपुर सड़क मार्ग स्थित मीर नगर के पास पक्की सड़क पर बाइक खड़ा कर भागने लगा। जिसे पुलिस द्वारा खदेड़ कर मीरनगर स्कूल के पास पकड़ लिया गया। तलाशी के क्रम में बाइक पर एक झोला में 27 लीटर देसी शराब बरामदगी मामले में एक शराब तस्कर दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष मोहम्मद नसीम खां ने बाइक, शराब एवं दंपत्ति तस्कर को नवादा सहायक थाना लाया गया। गिरफ्तार शराब तस्कर झारखंड साहिबगंज के मिर्जाचौकी थाना अंतर्गत सिमरा मेडरो गांव का चार्लीस किस्कू एवं पत्नी बिटी मुर्मू है। नवादा सहायक थाने में थानाध्यक्ष मोहम्मद नसीम खां के बयान पर मामला दर्ज करते हुए रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना जांच के उपरांत महिला पुलिस बल एवं चौकीदारों के कस्टडी में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। छापेमारी एवं शराब बरामदगी मामले में थानाध्यक्ष के साथ चौकीदार दिनेश पासवान, संजीव कुमार एवं अवधेश पासवान शामिल थे।
रिपोर्ट:केआर राव