, बांका: वित्तीय वर्ष 2021-2022 में समावेशी शिक्षा स्वीकृत कार्य योजना एवं बजट तथा इस संबंध में राज्य परियोजना निदेशक बिहार शिक्षा परियोजना परिषद पटना द्वारा जारी आदेश के आलोक में 8 से 14 आयु वर्ग के दृष्टि बाधित बालकों के लिए 90 दिवसीय आवासीय स्पर्श कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रारंभ करने का आदेश प्राप्त हुआ था। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के आदेश पर प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा डीपीओ निशीथ प्रणीत सिंह के द्वारा 18 दिसंबर 2021 के जारी आदेश पर दृष्टि बाधित बच्चों के लिए 90 दिवसीय आवासीय स्पर्श कार्यक्रम का संचालन कराने के लिए बुधवार 22 दिसंबर से दृष्टि बाधित बच्चों का पंजीयन के साथ रजौन धौनी बीआरसी परिसर में प्रारंभ हो गया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार सिन्हा ने बताया समावेशी शिक्षा के तहत 8 से 14 आयु वर्ग के दृष्टिबाधित बालकों के लिए 90 दिवसीय आवासीय स्पर्श कार्यक्रम का संचालन गुरुवार 23 दिसंबर से बीआरसी स्थित नवनिर्मित प्रशिक्षण भवन परिसर में प्रारंभ हो जाएगा। बुधवार को प्रशिक्षण में भाग लेने वाले दृष्टि बाधित बालकों का पंजीयन कराया गया है। प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा डीपीओ निशीथ प्रणीत सिंह द्वारा कार्यक्रम का ससमय एवं सफल क्रियान्वयन के लिए रजौन प्रखंड साधन सेवी विनय प्रसाद को समावेशी शिक्षा रजौन का केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके देखरेख एवं सफल संचालन के लिए बांका साधन से भी समावेशी शिक्षा के अनीता कर्ण तथा रेनू कुमारी को 20 दिसंबर 2021 से प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया है। बीईओ राकेश कुमार सिन्हा ने बताया दृष्टि बाधित बालकों को 90 दिवसीय आवासीय स्पर्श कार्य योजना के तहत समान बच्चों की तरह सरलता, सुगमता, रोचक पूर्ण तरीके से दक्ष कराना है। बीईओ ने बताया गुरुवार को स्वयं प्राथमिक शिक्षा एवं समग्र शिक्षा डीपीओ निशीथ प्रणीत सिंह बीआरसी पहुंचकर प्रशिक्षण का शुभारंभ करने जा रहे हैं। दृष्टि बाधित बच्चों को बढ़ते ठंड को देखते हुए हर तरह की व्यवस्था में केंद्र प्रभारी लगे हुए हैं।
रिपोर्ट:केआर राव