रजौन (बांका): रजौन प्रखंड के 18 पंचायतों के किसान समय पर रजिस्ट्रेशन करवाते हुए चिन्हित पैक्सों एवं व्यापार मंडल में धान समय पर दे सके इसके लिए बांका डीएम के सख्त आदेश को देखते हुए बुधवार को रजौन प्रखंड मुख्यालय स्थित न्यू-मार्केट के समीप जागरूकता रथ को प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी प्रफुल्ल चंद्र सिंहा एवं रजौन पैक्स अध्यक्ष विभाष साह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। बीसीओ प्रफुल्ल चंद्र सिन्हा ने बताया जागरूकता रथ के माध्यम से प्रखंड क्षेत्र के 18 पंचायत के किसानों को गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करते हुए 15 फरवरी तक पैक्स एवं व्यापार मंडल में धान बेचने से संबंधित पंजीयन कराते हुए धान समय पर दे सके। मौके पर पैक्स अध्यक्ष के साथ बैठक कर प्रखंड में धान अधिप्राप्ति पर बल दिया गया। बताया कि धान अधिप्राप्ति के लिए किसान सलाहकार घर-घर जाकर किसानों का रजिस्ट्रेशन कर धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित करेंगे। बिचौलिया से बचने के लिए किसानों को जागरूक किया जाएगा। सरकार द्वारा 15 फरवरी तक किसानों से धान अधिप्राप्ति की जाएगी। इस मौके पर सुभाष साह, सन्नी कुमार सहित किसान आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट:केआर राव