रजौन (बांका):प्रखंड क्षेत्र के धौनी-बामदेव पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर-2 उत्तरी टोला बामदेव में मंगलवार की शाम भोजन बनाने के क्रम में तीन परिवारों का मिट्टी एवं फुस से बना घर जलने से घर का सारा सामान नष्ट हो गया है। पंचायत की नवनिर्वाचित सरपंच बाबली देवी, सरपंच पति पंकज कुमार सिंह, वार्ड सदस्य रूपा देवी एवं पंकज चौरसिया ने अगलगी की घटना की पुष्टि की है। सरपंच एवं वार्ड सदस्य ने बताया कि बामदेव उत्तरी टोला विजय राम, अंगूरी राम एवं भृगु राम तीनों काफी गरीब परिवार में से आते हैं। घोर गरीबी की वजह से ये लोग मिट्टी एवं झोपड़ी नुमा फुस के घर में रहता था। मंगलवार की शाम में अंगूरी राम के घर में उनकी बूढ़ी मां भोजन पका रही थी, इसी दौरान किसी तरह फुस के घर में आग पकड़ ली, देखते ही देखते आग ने अगल बगल के तीन फुस के घरों को अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान अगुंरी राम की मां की झुलसने की भी खबर है, जिसे ग्रामीणों ने आनन-फानन में घर के अंदर से बचाकर निकाला। अगलगी की घटना पर आसपास में हो-हल्ला होने पर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग ने तीनों घरों को बुरी तरह से जलाकर राख कर दिया। इस दौरान घर में रखे सारे संपत्ति भी जलकर राख में तब्दील हो चुके थे। घटना की सूचना देते हुए सरपंच एवं वार्ड सदस्य ने बताया घर में रखे सारे बर्तन, अनाज, ठंड के मौसम का सारा कपड़ा आदि जल गया है। अगलगी की जानकारी बुधवार को अंचल कार्यालय पहुंच कर दे दिया गया है। वहीं, सीओ मु. मोइनुद्दीन ने बताया कि आवेदन मिलने पर हल्का राजस्व कर्मचारी द्वारा जांच उपरांत आवश्यक विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए आपदा राहत से अन्य सामग्री उपलब्ध करा दी जाएगी।
रिपोर्ट: केआर राव