अवैध बालू भंडारण के विरुद्ध हुई छापेमारी, कारोबारियों के विरुद्ध की गई प्राथमिकी दर्ज

रजौन, बांका : खनन विभाग की टीम ने रजौन थाना क्षेत्र के अजीतनगर पहाड़ के समीप से 6 हजार 372 घन फीट अवैध बालू जब्त किया है। बांका के खान निरीक्षक अवधेश कुमार ने रजौन थाना में रजौन एवं अमरपुर के कुल आठ बालू माफियाओं के विरुद्ध अवैध रूप से बालू उत्खनन कर परिवहन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। खनन विभाग ने जब्त किए गए बालू को जेठौर धर्मकांटा पर लाइसेंसी बालू ठेकेदार महादेव इनक्लेव प्राइवेट लिमिटेड के इंचार्ज हरेंद्र प्रताप सिंह को सौंप दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन थाना क्षेत्र के सिकानपुर के कुछ बालू माफिया पासर गिरोह की मदद से अवैध रूप से बालू का परिवहन किया करते थे। दर्ज प्राथमिकी में खान निरीक्षक ने कहा है कि करीब तीन हजार घन फीट बालू का परिवहन पूर्व में किया जा चुका है। ऐसी स्थिति में बालू माफियाओं द्वारा कूल 4 लाख 41 हजार 702 रुपए का बालू अवैध रूप से बेच कर राजस्व की चोरी की गई है। खान निरीक्षक ने रजौन थाना क्षेत्र के सिकानपुर गांव के एन के यादव, योगेश यादव, बादल यादव, जीतन यादव, लड्डू यादव, पंकज यादव के अलावे रजौन थाना क्षेत्र के नवटोलिया ग्राम निवासी राजू यादव एवं अमरपुर थाना क्षेत्र के कझिया ग्राम निवासी अजीत यादव उर्फ छोटू यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए अवैध रूप से बालू भंडारण कर परिवहन करने का आरोपी बताया है। इस कारोबार में राजू यादव एवं अजीत यादव उर्फ छोटू यादव को पासर गिरोह का सदस्य बताया गया है। इनमें से कई ऐसे कथित बालू माफिया हैं, जिन पर पूर्व में भी कई बार अवैध बालू उत्खनन व परिवहन करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है।

रिपोर्ट:केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post