रजौन (बांका): बुधवार को आईटी भवन स्थित बीडीओ के कार्यालय वेश्म में बीडीओ राजकुमार पंडित की अध्यक्षता में दो अलग-अलग सत्र में धान अधिप्राप्ति एवं प्रधानमंत्री आवास निर्माण की समीक्षा को लेकर बैठक हुई है। मंगलवार को डीएम एवं एसपी द्वारा संयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक में दिए गए धान अधिप्राप्ति से संबंधित आदेश को लेकर बैठक की गई। बैठक में बीसीओ प्रफुल्ल चंद्र सिंहा, बीएसओ अनुपम कुमार सिंह, प्रखंड कृषि कोऑर्डिनेटर मनजीत सिंह पटेल, किसान सलाहकार रवि कांत राहुल, अवनीकांत, श्याम किशोर, विपिन शर्मा, सुप्रिया,शालिनी, शशि भूषण पांडेय, प्रवीण कुमार सिंह आदि प्रखंड कृषि से संबंधित किसान सलाहकार आदि उपस्थित थे। समीक्षा बैठक में डीएम द्वारा दिए गए आदेश के आलोक में जिन किसानों का अब तक धान अधिप्राप्ति से संबंधित रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका है। वैसे किसानों का 15 दिसंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराते हुए धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कहा गया है। दूसरे सत्र की बैठक प्रधानमंत्री आवास निर्माण से संबंधित बीडीओ राजकुमार पंडित ने आवास पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार एवं सभी 11 आवास सहायक उपस्थित थे। बीडीओ राजकुमार पंडित ने बताया सत्र 2019-2020 में प्रधानमंत्री आवास निर्माण का करीब 3352 लक्ष्य दिया गया था। दिए गए निर्धारित लक्ष्यों में से 1752 आवास लाभुकों को आवास मुहैया कराने को लेकर आवास सहायकों को हर तरह से जांच पड़ताल कर संतुष्ट हो जाने के लिए कहा गया है। बीडीओ ने बताया आवास बनाने के नाम पर राशि लेने के बाद भी सत्र 2016- 2017 से लेकर 2019-2020 तक के लाभुकों में आवास नहीं बनाया है। इसके लिए करीब 600 लाभुकों को लाल नोटिस एवं एक हजार लाभुकों को सफेद नोटिस थमाया जा रहा है। निर्धारित लाल एवं सफेद नोटिस देने के बाद भी आवास पूर्ण नहीं करने की स्थिति में ऐसे लोगों को चिन्हित करवाते हुए थाने में मामला दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लाभुकों को टाइमलाइन 25 जनवरी तक दिया गया है।
रिपोर्ट: केआर राव