ठकराहां ।भैरोगंज थानाक्षेत्र के बरवा सानी गांव में थानाकाण्ड संख्या 156/20 आईपीसी की धारा 302 में फरार चल रहे आरोपित के घर पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की जब्ती की कार्यवाही पूरी की है । मालूम रहे कि पिछले दिनों भैरोगंज पुलिस ने उसके घर की दीवार पर सरेंडर करने के लिये इस्तेहार चिपकाए जाने की कार्यवाही भी पूरी कर चुकी थी । लेकिन वह निश्चित की गई समय सीमा के अंदर अपने को न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष हाजिर नहीं कर सका ।
बहरहाल उपरोक्त कार्यवाही के दौरान थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, भैरोगंज थाना के एएसआई बिजेंद्र चौधरी , पीएसआइ संतोष कुमार समेत महिला व पुरुष जवान मौजूद थे। थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि हत्या कांड में मृतका मीरा देवी की मां मुस्मात फुलमती देवी के आवेदन के आधार पर पति मुकेश गोड़ पिता स्वर्गीय झगरू गोड़ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज है। दर्ज प्राथमिकी अनुसार गोवर्धना थाना क्षेत्र के सेवरही बरवा निवासी फूलमती की बेटी मीरा की शादी भैरोगंज थाना क्षेत्र के बरवासानी निवासी मुकेश के साथ हुई थी। जिसे दहेज को लेकर प्रताड़ित करते हुए महिला की हत्या एक वर्ष पूर्व कर दी गई थी । उपरोक्त दहेज प्रताड़ना और हत्याको लेकर मृतका की मां द्वारामुकेश के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई थी । तभी से पुलिस हत्यारोपी पति मुकेश को तलाश रही है । थानाध्यक्ष ने बताया कि न्यायालय के आदेश के आलोक में कुर्की सम्पन्न की गई।