रजौन, बांका : प्रखंड क्षेत्र के सिंहनान पंचायत के जन वितरण प्रणाली विक्रेता रामशरण हरिजन पर राशन वितरण में भारी धांधली बरतने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। मोहनपुर, गोपालपुर, भगवानपुर गांव के सैकड़ों उपभोक्ताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी बांका को शिकायत पत्र भेजकर कहा है कि डीलर राशन का कीमत ज्यादा वसूलने के साथ-साथ वजन भी कम देते हैं। किरासन तेल का भी वजन कम और मूल्य ज्यादा वसूली जा रही है। गांव के मनीष कुमार सिंह, गंगेश यादव, राज कुमार मंडल, बंदना देवी, कौशल्या देवी, रेखा देवी, मुकेश कुमार दास, जालंधर दास, चंदन यादव, पंकज शर्मा सहित कुल 135 उपभोक्ताओं ने बांका के सिविल एसडीओ को शिकायत पत्र भेजकर उक्त डीलर पर कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रति जिलाधकारी के अलावे अन्य पदाधिकारियों को भी दी गई है। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि डीलर द्वारा पोस मशीन का रसीद नहीं दी जाती है। मांगने पर हरिजन उत्पीड़न केस करने की धमकी भी दी जाती है। इधर आरोपी डीलर ने आरोप को गलत ठहराया है। इस संबंध में एमओ विभूति कुमार ने बताया कि इस संबंध में विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट:केआर राव