रजौन (बांका):बिहार काउंसिल ऑन साइंस एवं टेक्नोलॉजी एवं बिहार मैथेमेटिकल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 22 दिसम्बर दिन बुधवार को राष्ट्रीय गणित दिवस कार्यक्रम का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिसमें राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किए जाने, गणित विषय में अभिरुचि उत्पन्न करने, रोचक बनाने एवं कैरियर के रूप में गणित की संभावनाओं आदि विषय पर तीन चरण में कक्षा 6 से 8, 9-10 एवं 11-12 के छात्र-छात्राओं के लिए श्रीनिवास रामानुजन टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथेमेटिक्स प्रतियोगिता परीक्षा का जिला स्तर पर ऑनलाइन आयोजित किया गया है। बांका जिले के रजौन प्रखण्ड के कोतवाली स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य ई. सुनील चन्द्र साह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऑनलाइन परीक्षा के प्रत्येक चरण में 30 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसमें प्रत्येक प्रश्न के लिए दो अंक रखे गए हैं तथा प्रतियोगिता परीक्षा की अवधि 60 मिनट रहेंगे। परीक्षा के प्रश्न हिंदी एवं अंग्रेजी दो भाषा में रहेंगे, इस प्रतियोगिता परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है। वहीं इस परीक्षा में हिस्सा लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए कोई शुल्क भी नहीं रखी गई है। इस परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थी www.bcst.org.in पर ऑनलाइन पंजीकरण एक दिसम्बर से 14 दिसम्बर 2021 तक कर सकेंगे। ऑनलाइन प्रवेश पत्र 16 दिसम्बर से www.bcst.org.in पर प्राप्त होगी। छात्रों की संख्या अधिक होने की स्थिति में परीक्षा दो दिन 18 एवं 19 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को परीक्षा केंद्र पर अपने साथ लैपटॉप या मोबाइल भी लाने को कहा गया है। प्रथम चरण में वर्ग- 6 से 8 की परीक्षा दिन के 10 से 11 बजे, द्वितीय चरण में वर्ग- 9 एवं 10 की परीक्षा 12 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा तृतीय चरण में वर्ग- 11 एवं 12 की परीक्षा दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में सिर्फ वैसे ही छात्र हिस्सा लेने के लिए योग्य हैं, जो वर्ष 2021 में वर्ग 6 से 12 के बीच पढ़ रहे हैं। साथ ही कोई भी आवेदक केवल एक ही चरण के परीक्षा में हिस्सा ले सकते हैं। बिहार मैथेमेटिकल सोसायटी द्वारा आयोजित इस टैलेंट सर्च इन मैथेमेटिकल ओलम्पियाड/टैलेंट नर्चर कार्यक्रम का सिलेबस www.bcst.org.in पर से ही डाउनलोड किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता परीक्षा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्राचार्य ई. सुनील चन्द्र साह द्वारा संस्थानिक समन्वयक डॉ. जेपी महतो, प्रो. राजीव, प्रो. दिनकर, प्रो. बीरबल, प्रो. राकेश एवं कॉलेज कर्मी सूरज, राजेश, रमण, प्रशांत आदि को मिलाकर एक टीम का गठन किया गया है। इस कार्यक्रम के उपलक्ष्य में प्राचार्य एवं संस्थानिक समन्यवक ने संयुक्त रूप से जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से अनुरोध किया है कि ज्यादा से ज्यादा छात्रों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करे। गणित की महत्ता बताते हुए संस्थानिक समन्वयक डॉ. जेपी महतो ने बताया कि छात्रों के बीच गणित विषय में अभिरूचि अपनाने, उत्पन्न करने, रोचक बनाने एवं कैरियर के रूप में गणित को अपनाने के लिए प्रेरित करने की जरूरत है, क्योंकि गणित एक प्रकार की भाषा है। जिसे अपनाकर छात्र अपने कैरियर को और अधिक बेहतर बना सकते हैं।
रिपोर्ट:केआर राव