रजौन, बांका: रजौन प्रखंड के नवनिर्वाचित मुखिया सरपंच, वार्ड सदस्य एवं पंचों का शपथ ग्रहण के साथ-साथ उप मुखिया उपसरपंच का चुनाव निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राजकुमार पंडित ने शुक्रवार से प्रखंड मुख्यालय आईटी भवन स्थित प्रशाल में प्रारंभ करा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन प्रखंड के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ के साथ-साथ दैनिक जीवन में शराब से संबंधित गतिविधियों में किसी भी प्रकार से शामिल नहीं होने से संबंधित शपथ अलग से दिलाई गई। शुक्रवार को तीन पंचायत के मुखिया सरपंच वार्ड पंच एवं नवनिर्वाचित उप मुखिया उप सरपंच को पद एवं गोपनीयता के साथ-साथ शराबबंदी को लागू करने के लिए जो भी विधि सम्मत कार्रवाई अपेक्षित होगी उसे करने से संबंधित शपथ दिलाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर शुक्रवार को सिंहनान पंचायत उप मुखिया चुनाव के लिए चंद्रभानु मिश्र एवं पवन पासवान 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। दोनों को बराबर बराबर आठ-आठ वोट प्राप्त हुआ। इस स्थिति में लॉटरी में पवन पासवान को उप मुखिया के तौर पर घोषित किया गया। नवनिर्वाचित उप मुखिया पवन पासवान को पद एवं गोपनीयता की शपथ पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया रविंद्र कुमार वर्मा ने दिलाई।इस प्रकार उपसरपंच पद पर मधु लता देवी को 9 मत, अजीत कुमार को 6 मत मिलने की स्थिति में मधु लता देवी को उपसरपंच पद की पद एवं गोपनीयता की शपथ सरपंच मुकेश कुमार सिंह ने दिलाया। मझगांय-डरपा पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया मृत्युंजय कुमार के सूझबूझ के परिणाम पर निर्विरोध सुनैना देवी उप मुखिया पद पर निर्वाचित हुई। जिसे मुखिया मृत्युंजय कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उपसरपंच पद पर शंकर राय को 9 मत एवं निवर्तमान उपसरपंच नीतू कुमारी 7 मत प्राप्त होने की स्थिति में शंकर राय को उपसरपंच पद पर निर्वाचित करते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ सरपंच राजेश राय ने दिलाई। इस प्रकार संझा-श्यामपुर से उप मुखिया पद पर मंजू देवी को 8 मत रेखा देवी को 6 मत मिलने की स्थिति में मंजू देवी को निर्वाचित घोषित करते हुए मुखिया आशा देवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उपसरपंच पद पर रंजू देवी एवं कल्पना देवी दोनों को बराबर बराबर मत मिला। लॉटरी में रंजू देवी को निर्वाचित घोषित करते हुए सरपंच ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस प्रकार शुक्रवार को तीन पंचायत के मुखिया सरपंच वार्ड पंच को शराबबंदी सहित पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण के साथ-साथ उप मुखिया उपसरपंच का चुनाव कार्य संपन्न करा लिया गया। अब दो दिन 25 एवं 26 को अवकाश रहने की वजह से 27 दिसंबर को राजावर, धायहरना-महगामा, हरचंडी-अमहारा, 28 दिसंबर को सकहारा, नवादा-खरौनी, तिलकपुर, 29 दिसंबर को खैरा, रजौन, भवानीपुर-कठौन, 30 दिसंबर को चिलकाबर-असौता, कठचातर-लीलातरी, मोरामा-बनगाँव एवं वर्ष 2021 के अंतिम दिन 31 दिसंबर को धौनी-बामदेव, ओड़हारा तथा परघड़ी-लकड़ा पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया सरपंच वार्ड पंचों का शपथ ग्रहण के साथ ही साथ उप मुखिया उपसरपंच का चुनाव कार्य संपन्न हो जाएगा। शांतिपूर्ण निष्पक्ष शपथ ग्रहण एवं पंचायत उप मुखिया उप सरपंच चुनाव के लिए पर्यवेक्षक के रुप में पथ प्रमंडल कार्यपालक अभियंता श्रीकांत शर्मा लगातार कैंप कर रहे थे। वहीं मुखिया वार्ड को सप्त कार्य संपन्न कराने में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी अनुपम कुमार सिंह, निर्वाचन सहायक जयशंकर प्रसाद विद्यार्थी, राजेश कुमार मंडल, सुबोध कुमार आदि कैंप कर रहे थे। इस प्रकार सरपंच पंच का शपथ ग्रहण कराने में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार सिन्हा, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुश्री दीपशिखा, निर्वाचन सहायक श्रीकांत कुमार आदि कैंप कर रहे थे। विधि व्यवस्था के ख्याल से बाहर में चौकीदार एवं पुलिस महिला बल की तैनाती की गई थी।
रिपोर्ट:केआर राव