बांका के बाराहाट में दहेज के लिए बहु को जला कर मार डाला

बांका के बाराहाट में दहेज के लिए बहु को जला कर मार डाला

 बांका: जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के हिजरिया गांव में गुरुवार देर रात दहेज लोभी ससुरालवालों ने बहू की जलाकर हत्या कर दी। शव की पहचान 22 वर्षीया निशा कुमारी के रूप में हुई है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम बांका सदर अस्पताल में कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।जानकारी के मुताबिक निशा के पति टिंकू ठाकुर व उसकी मां हमेशा निशा को दहेज के रुप में मायके से एक लाख रुपये लाने को कहते थे। कुछ दिन पूर्व घर बनाने की बात कहने पर लड़की के परिवार वालो ने एक लाख रुपया दिया भी था। पर फिर से एक लाख की मांग की जाने लगी जिसको लेकर हमेशा निशा के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया जाता था। गुरुवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।भागलपुर जिले के एकचारी घोघा से पहुंचे निशा के मायकेवाले ने कहा कि विवाद के बाद पति टिंकू व उसके घरवालों ने केरोसिन तेल छिड़ककर निशा को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्यवाई कर पति टिंकू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर निशा के मायकेवाले गांव पहुंचकर पुलिस को इसकी जानकारी दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने बताया कि मृतिका का मां गीता देवी के आवेदन पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। शेष आरोपी की खोज की जा रही है। 


ज्ञात हो कि एक साल पूर्व निशा की शादी टिंकू के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ दिनों तक दोनों में संबंध अच्छे रहे। इसके बाद दहेज के लिए विवाद होना शुरु कर दिया गया है।  


Post a Comment

0 Comments