रजौन, बांका : रजौन एवं नवादा सहायक थाना ने अलग-अलग स्थानों से गुप्त सूचना पर छापेमारी के क्रम में 171 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने मंगलवार की देर शाम गुप्त सूचना पर मोहनपुर गांव में छांगुरी यादव एवं जयराम मंडल के यहां छापेमारी की गई। छापेमारी की भनक मिलते ही छंगूरी यादव एवं जयराम मंडल पुलिस को देख कर भागने लगा। जिसे पुलिस द्वारा खदेड़ कर दोनों व्यक्तियों को पकड़ा गया। पकड़ने के उपरांत छंगूरी यादव के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में 375 एमएल बोतल वाली 2 कार्टून इम्पीरियल ब्लू विदेशी शराब बरामद किया गया। दोनों बरामद कार्टून में 20-20 बोतल इम्पीरियल ब्लू विदेशी शराब था। तलाशी के क्रम में दोनों व्यक्तियों से मोबाइल भी जब्त की गई है। वहीं बुधवार की सुबह नवादा सहायक थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने जगदीशपुर-सन्हौला सड़क मार्ग पर कोतवाली चौक के समीप से तलाशी लेने के क्रम में एक ऑटो से 131 बोतल 77 लीटर शराब बरामद की है। बरामद शराब में 750 एमएल का 76 बोतल एवं 375 एमएल का 55 बोतल बताया जा रहा है। मौके पर ऑटो एवं शराब के साथ खगड़िया के तस्कर डिस्को मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया है, जिसे बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट:केआर राव