दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभूगंंज(बांका):शंभूगंंज-असरगं ज मुख्य पथ हाईस्कूल के समीप वार्ड संख्या 12 के महादलित टोला मोकहरी में पेयजल से वंचित लोगों ने व्यवस्था के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि सरकार की सबसे महत्वपूर्ण नल-जल-योजना से ग्रामीणों को विगत एक माह से अधिक समय से पानी नसीब नहीं हो रहा है। आखिरकार शुद्ध पेयजल की किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा। जहां चिलचिलाती धूप में दोपहर को एक चापानल पर पानी के लिए पहुंचे दर्जनों कतारबद्ध महिलाएं विभाग की व्यवस्था के खिलाफ जमकर बरसे। पेयजल आपूर्ति से वंचित लोगों ने कहा कि आपस में चंदा इकट्ठा कर चापानल को दुरुस्त किया। जिसमें एक चापानल से ग्रामीणों की किसी तरह प्यास बुझ रही है। जबकि भीषण गर्मी की आहट शुरू हो गई है। जिसमें जेठ की तपती धूप में जल का स्तर नीचे चले जाने से चापानल भी पानी का साथ छोड़ देता है। जिससे पेयजल की घोर समस्या उत्पन्न हो जाती है। जबकि वर्तमान में महिनों से पेयजलापूर्ति बंद हो जाने से ग्रामीणों के सामने पेयजल की भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीण योगेन्द्र राम, मालेश्वरी राम,सोहन साव, महेंद्र तांती, राजकुमार तांती, संजू देवी, सीता देवी, पातो देवी, इंदु देवी, झुनकी देवी, रीता देवी सहित अन्य लोगों ने समस्या का समाधान कर सरकार से पेयजलापूर्ति की मांग की है। कहा कि शंभूगंंज बाजार के समीप बसे टोला वासियों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। जिस पर किसी अधिकारी अथवा जनप्रतिनिधियों का ध्यान तक नहीं गया है। जबकि वार्ड सदस्य ऊषा देवी एवं प्रतिनिधि राजेश कुमार से इस समस्या का समाधान करने की ग्रामीणों ने गुहार लगाई। लेकिन अभी तक कोई फायदा नजर नहीं आ रहा है। इस बाबत प्रभारी बीपीआरओ हिमांशु शेखर ने बताया कि समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं बीडीओ प्रभात रंजन ने समस्या से अनभिज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि पेयजल से वंचित लोगों को यथाशीघ्र पेयजलापूर्ति की जाएगी।
