रजौन, बांका : प्रखण्ड क्षेत्र के भवानीपुर-कठौन पंचायत अंतर्गत करसानी गांव में मंगलवार 22 मार्च से शुरू हुए शिव महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ कथा के आयोजन से भक्ति की ज्ञान गंगा बह रही है। कथा के तीसरे दिन कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। जहां कथा प्रवचन के दौरान आकर्षक झांकियों के दर्शन से श्रद्धालु काफी मंत्रमुग्ध हो रहे हैं तो वहीं गीत-भजन के क्रम में कई श्रद्धालु भक्तिरस में डुबकी लगाते हुए नाचते-झूमते नजर आ रहे हैं। इस ज्ञान यज्ञ के आयोजन से करसानी गांव समेत आसपास का वातावरण काफी भक्तिमय हो गया है। इस सप्ताह ज्ञान यज्ञ के तीसरे दिन गुरुवार को कथाव्यास पंडित हरिओम जी ने कथा-प्रवचन के दौरान अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी नारी को मां, बहन और बेटी के रूप में हमें सम्मान देना चाहिए। मालूम हो करसानी गांव में 22 मार्च दिन मंगलवार से लेकर 28 मार्च दिन सोमवार तक होने वाले शिव महापुराण के कथावाचक के रूप में हरिओम जी महाराज एवं मुख्य यजमान सिंटू कुमार व उनकी धर्मपत्नी हैं। बता दें कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में होने जा रहा है, जिसमें प्रथम सत्र का समय प्रातः 9 बजे दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय सत्र संध्या 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए शिव शिष्य परिवार के जिला संयोजक सीताराम सिंह, मुकेश भगत, वरुण कुमार, प्रफुल कुमार, सच्चिदानंद सिंह, दिलीप कुमार, गुणसागर राणा, सखीचंद राणा सहित सभी करसानी ग्रामवासी तन-मन से सहयोग कर रहे हैं।
रिपोर्ट:केआर राव