महारुद्र यज्ञ व शिव महापुराण यज्ञ के वैदिक मंत्रोच्चारण एवं कथा प्रवचन से हरिपुर सहित आसपास का माहौल हुआ भक्तिमय

बांका : जिले के बांका प्रखण्ड के कर्मा पंचायत अंतर्गत हरिपुर गांव में श्री श्री 1008 महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण यज्ञ कथा के वैदिक मंत्रोच्चारण एवं कथा प्रवचन से हरिपुर सहित आसपास के गांव का माहौल काफी भक्तिमय हो गया है। यहाँ आसपास एवं दूरदराज से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जो यज्ञशाला की परिक्रमा करने के बाद शिव महापुराण कथा प्रवचन सुनकर भक्ति के सागर में गोते लगाने के साथ-साथ मेले का भी आनंद ले रहे हैं। महारुद्र यज्ञ सह शिव महापुराण कथा को लेकर यज्ञ के मुख्य आचार्य हरिपुर ग्राम निवासी अनिरुद्ध प्रसाद सिंह के पुत्र स्वतंत्र कुमार सिंह एवं उनकी पत्नी सोनाली कुमारी को बनाया गया है, जबकि महारुद्र यज्ञ के पंडित विष्णुकांत झा तथा शिव महापुराण के कथाव्यास हरि ॐ जी महाराज हैं। बता दें कि हरिपुर में महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा का आयोजन समस्त हरिपुर ग्रामवासियों के सहयोग से करवाया जा रहा है, मंगलवार 8 मार्च को कलश शोभायात्रा निकलने के बाद 9 मार्च दिन बुधवार से लेकर 15 मार्च दिन मंगलवार तक प्रतिदिन दो सत्रों में यज्ञ एवं कथा का आयोजन हो रहा है, जहां यज्ञ प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं दोपहर बाद 3 बजे से शाम 6 बजे तक तथा कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक एवं रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक हो रही है। बता दें कि महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण को लेकर यज्ञ स्थल पर तरह-तरह के देवी-देवताओं की 51 आकर्षक प्रतिमा भी स्थापित की गई है, जो इस यज्ञ की शोभा बढ़ा रहे हैं। यज्ञ समारोह समिति के साथ-साथ समस्त हरिपुर ग्रामवासी इस 9 दिवसीय महारुद्र यज्ञ एवं शिव महापुराण कथा यज्ञ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तन-मन से सहयोग कर रहे हैं।

रिपोर्ट:केआर राव

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post