दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभूगंज(बांका): प्रखंड क्षेत्र में घरों में नल-जल योजना का कनेक्शन है और उसमें आप मोटर का इस्तेमाल कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। प्रशासन अब इस मामले को लेकर सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है। जहां शनिवार की सुबह में बीडीओ प्रभात रंजन ने करसोप पंचायत के कई वार्ड में सर्च अभियान चलाया। किन्तु सफलता हाथ नही लगी। इसकी जानकारी देते हुए बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि नल जल योजना के सप्लाई पाइप में मोटर लगाकर छत पर लगे पानी टंकी में पानी भरते पकड़े जाने पर आपराधिक मुकदमा दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड में ऐसे लोगो को पकड़ने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है।जो घर-घर जाकर नल-जल योजना के तहत लगे कनेक्शन की जांच करेगी। गौरतलब है प्रखंड क्षेत्र के उन्नीस पंचायत में 168 वार्ड में नल जल योजना से और शेष वार्ड में पीएचईडी से जल मीनार का निर्माण कार्य कराकर हर घर को नल से शुद्ध जल की आपूर्ति की जा रही है। जहां करसोप, केहनीचक, शंभूगंज बाजार, जवाहरनगर सहित कई गांवो में नल-जल के कनेक्शन में बिजली मोटर लगाकर पानी टंकी भरने की लगातार शिकायत मिलने पर प्रशासन अब एक्सन के मुड में है।
