रजौन, बांका : डीएन सिंह महाविद्यालय भूसिया के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के बैनर तले आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रम के छठे दिन सोमवार को दीपनारायण सिंह महाविद्यालय भुसिया परिसर में पर्यावरण पर परिचर्चा के साथ-साथ पौधरोपण कार्य सम्पन्न हुआ। जिसमें एनएसएस के तमाम पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मालूम हो इस सात दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ 23 मार्च दिन बुधवार से आदर्श ग्राम बरौनी में हुआ है। इस कार्यक्रम की शुरुआत गांव के ही सामुदायिक भवन में सेवानिवृत्त शिक्षक सह राष्ट्रपति पुरस्कार से पुरस्कृत जय नारायण प्रसाद चौधरी, कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जीवन प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन सिंह, रजौन पंचायत की मुखिया रंजना देवी एवं पूर्व मुखिया विभाष चंद्र चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करते हुए किया था। वहीं कार्यक्रम के दूसरे दिन गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाते हुए लोगों को सफाई के प्रति जागरूक किया गया। तीसरे दिन शुक्रवार को बरौनी में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। चौथे दिन शनिवार को आपदा प्रबंधन सहित स्वास्थ्य पर चर्चा होने के साथ-साथ योगाभ्यास कराया गया है, वहीं पांचवे दिन रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एके चौधरी द्वारा लोगों का नेत्र जांच कराया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉक्टर राजीव रंजन सिंह, कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर जीवन प्रसाद सिंह, प्रोफेसर सुनील कुमार चौधरी, डॉक्टर अनिल कुमार राव, डॉक्टर गंगाधर सिंह, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. अशोक प्रसाद सिंह, प्रोफेसर संजय प्रसाद सिंह, सहित स्वयंसेवक नयन, प्रणव साक्षी, सुगंधा आदि इस सात दिवसीय कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग कर रहे हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉक्टर राजीव रंजन सिंह ने बताया कि महाविद्यालय परिसर में मंगलवार को कार्यक्रम का विधिवत रूप से समापन होगा।
रिपोर्ट:केआर राव