बनगांव सीताराम विवाह महोत्सव को देखने के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ रही है भीड़

बनगांव सीताराम विवाह महोत्सव को देखने के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ रही है भीड़

रजौन, बांका: श्रीमन्नारायण धाम बनगांव में लगातार 38 वर्षों से हो रहे श्रीसीताराम विवाह महोत्सव स्थल पर आसपास सहित दूर दराज पूर्वी बिहार एवं पड़ोसी झारखंड राज्य के कई जिलों से भक्तगण श्रद्धालुओं एवं अनुयायियों का पहुंचना जारी है। श्रीसीताराम विवाह महोत्सव के 38वें महोत्सव के सातवें दिन दिवा सत्र में मथुरा-वृंदावन से पधारे श्री बाल कृष्ण लीला संस्थान के स्वामी श्याम सुंदर शर्मा के निर्देशन में रासलीला एवं रामलीला मंडली के कलाकारों द्वारा श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन प्रसंग का मंचन किया गया। कथा प्रसंग के दौरान अद्भुत झांकियों के साथ-साथ भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु काफी भाव विभोर देखे गए, साथ ही श्रद्धालु नर-नारियां काफी नाचते-झूमते नजर आए। लगातार 38 वर्षों से श्री सीताराम विवाह महोत्सव का आयोजन करा रहे डीएन सिंह कॉलेज के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉक्टर महेश प्रसाद सिंह इस पुनीत कार्य को लेकर शुरुआती दौर से ही डॉ. महेश प्रसाद सिंह से डॉक्टर महेशानंद जी महाराज के नाम से ख्याति प्राप्त कर लिए हैं। महोत्सव के आयोजन कर्ता डॉ. महेशानंद जी महाराज ने बताया सोमवार 14 मार्च को श्री सीताराम विवाह महोत्सव है। जबकि 15 मार्च मंगलवार को राम कलेवा ब्रज होली के साथ 38वां श्री सीताराम विवाह महोत्सव संपन्न हो जाएगा। मालूम हो श्रीसीताराम सेवा ट्रस्ट के प्रधान संरक्षक सह महोत्सव के मुख्य आयोजनकर्ता डॉ. महेशानंद जी महाराज के सफल प्रयास का ही परिणाम है कि 2018 से 2020 तक लगातार तीन वर्षों तक महोत्सव स्थल परिसर 9 दिवसीय महारुद्र यज्ञ संपन्न कराया जा चुका है। इस वर्ष महोत्सव को संपन्न कराने में महोत्सव समिति के अध्यक्ष अजीत कुमार राव, उपाध्यक्ष भानू भारती, सचिव रितेश कुमार सिंह, मंच संचालक अरुण कुमार सिंह, नवाह्न परायण पीठ पर पीयूष एवं प्रदीप कुमार सिंह कमान संभाले हुए हैं। महोत्सव को संपन्न कराने में सुभाष प्रसाद सिंह, वीरेंद्र उर्फ बादल सिंह, धनंजय प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, मनीष कुमार, अमर कुमार सिंह सहित महोत्सव समिति के सभी अधिकारी सदस्य गण,स्थाई सदस्य गण, पूरे ग्राम वासी, भक्तगण धन प्रेमी महोत्सव को संपन्न कराने में दिन रात एक किए हुए हैं। महोत्सव के आयोजनकर्ता डॉ. महेशानंद जी ने बताया 14 मार्च दिन सोमवार की रात को महोत्सव को संपन्न कराने में दिन रात एक किए हुए सभी स्थाई व अस्थाई सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडियाकर्मियों आदि को समारोह पूर्वक सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी सम्मानित जनों को महोत्सव स्थल पर ससमय पहुंचने के लिए भी निवेदन किया गया है।
रिपोर्ट:केआर राव 

Post a Comment

0 Comments