रजौन, बांका : फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती, फिर हुआ प्यार, प्यार के बाद दो अलग-अलग धर्मों के युगल प्रेमियों ने मंदिर में जाकर रचाई शादी और जब कुछ माह बाद मन भर गया तो लड़की को छोड़ दिया। इंसाफ के लिए बेवस अबला लड़की महिला थाने के बाद अब रजौन थाने की चक्कर लगा रही है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरामा-बनगांव पंचायत के मोरामा ग्राम निवासी रामनारायण यादव उर्फ कौमी यादव का पुत्र सौरभ कुमार ने करीब तीन वर्ष पूर्व फेसबुक के माध्यम से पटना जिले के दुलहिन बाजार थाना अंतर्गत नवीनगर के शाहजहां अख्तर की पुत्री गुलअफशा शहजादी से दोस्ती की, दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम का रूप ले लिया, इसके बाद दोनों का मिलना-जुलना होने लगा, फिर दोनों ने आपसी रजामंदी से एक वर्ष पूर्व घर से भागकर भागलपुर के किसी मंदिर में आकर शादी रचाकर साथ रहने की कसमें खाई। दोनों ने 11 माह अलग-अलग स्थानों पर रहकर साथ गुजारा, उसके बाद लड़का अपने घर वाले के दबाब में आकर लड़की को छोड़कर फरार रहने लगा। जानकारी के अनुसार सौरभ कुमार हाल ही में हुए शिक्षक नियोजन में धोरैया प्रखंड के बटसार के किसी प्रारंभिक विद्यालय में नियोजित शिक्षक के रूप में पदस्थापित हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस शादी से लड़के के माता-पिता व अन्य परिजन काफी नाखुश हैं, जिसके कारण अब लड़का लड़की को साथ रखने से पीछे हट रहा है। लड़की आर्थिक तंगी में आकर परेशान होकर न्याय के लिए थाने-पुलिस की चक्कर लगाने लगी। जानकारी के अनुसार लड़की करीब एक माह से बांका महिला थाना का चक्कर लगा रही थी, पर कोई न्याय नहीं मिलता देख लड़की मंगलवार को रजौन थाना पहुंची। मामला रजौन थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने छानवीन कर बुधवार को लड़के को थाना बुलाया, पूछताछ के बाद लड़के एवं लड़की दोनों से बांड भरवाया गया। हालांकि बांड भरने के बावजुद लड़का थाने परिसर में लड़की को छोड़कर किसी बहाने से चुपके से फरार हो गया। समाचार प्रेषण तक इधर लड़की रजौन थाना में पुलिस के समक्ष इंसाफ की गुहार लगा रही है।
रिपोर्ट:केआर राव