रजौन, बांका : वैशाख मास की चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी के बीच पछुआ हवा से जहां पशु-पक्षियों समेत मानव का जनजीवन अस्त-व्यस्त है, वहीं रजौन प्रखंड क्षेत्र के मझगांय-डरपा पंचायत अंतर्गत महाराणा गांव में सोमवार को दोपहर करीब 1:30 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट होने से अगलगी की घटना में दस घर जलकर राख में तब्दील हो गया। मौके पर अगलगी की सूचना के बाद रजौन से अग्निशमन वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक आग ने गांव के दस घरों को अपने आगोश में लेते हुए स्वाहा कर दिया था। अगलगी की इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है, इस अगलगी की घटना में मवेशी समेत कई लोगों की झुलसने की खबर है, जिसमें दो बकरी एवं एक गाय के झुलसने के साथ-साथ मणिलाल पासवान नामक एक व्यक्ति भी झुलस गया है जिसका सीएचसी रजौन में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार सर्वप्रथम ग्रामीण मणिलाल उर्फ मन्नी पासवान के घर में विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगी, इसके बाद देखते ही देखते आग ने ग्रामीण राजकुमार पासवान, पवन पासवान, मणिलाल पासवान, गणेशी पासवान, धर्मेंद्र पासवान, चुल्हाय पासवान, मुल्लाय पासवान, किशन पासवान, विशन पासवान तथा गिरचरण पासवान के घर को अपने आगोश में ले लिया। गांव में हो-हंगामा होने पर ग्रामीणों ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बेकाबू आग को देखते हुए अग्निशमन विभाग को दिए सूचना के बाद मौके पर दमकल गाड़ी भी पहुंची पर आग पर काबू पाने तक सभी घरों को पूरी तरह से जलाकर राख कर दिया। अगलगी की घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन, रजौन प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह ग्राम पंचायत मुखिया मृत्युंजय कुमार ने भी पहुंचे हुए दमकल गाड़ी के सहयोग से हर संभव आग पर काबू पाने का हर सम्भव प्रयास किया, लेकिन आग ने अपना विकराल रूप धरते हुए तब तक सभी घर को स्वाहा कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्रामीण मणिलाल उर्फ मन्नी पासवान की बेटी रुपा कुमारी की शादी आगामी 12 मई को भागलपुर जिला के सन्हौला थाना क्षेत्र के चकनथ्थु में होने वाली थी, इस अगलगी की घटना में शादी के लिए खरीदी गई टीवी, गोदरेज, पलंग सहित 1 लाख 30 हजार रुपए नगद जलकर खाक हो गया है। अगलगी की घटना के बाद शादी के घर में उत्साह के जगह मायूसी छा गई है। अगलगी की घटना को देखते हुए मझगांय-डरपा पंचायत के मुखिया मृत्युंजय कुमार ने अग्नि पीड़ित परिजनों के बीच पांच-पांच केजी चावल, चूड़ा, मुढ़ी, दालमोट बिस्कुट आदि मुहैया कराया जा रहा है। सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन ने बताया अग्नि पीड़ितों के बीच आपदा राहत अनुदान कोष की राशि से खाद्यान्न के लिए 3800, बर्तन क्रय के लिए 3000 सहित 6800 के अलावे अन्य मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। बता दें कि इस घटना से पूर्व रविवार 24 अप्रैल की दोपहर रजौन प्रखंड क्षेत्र के ही नवादा-खरौनी पंचायत के दुर्गापुर में पांच घर तथा तिलकपुर पंचायत के मुरादपुर गांव के किसान पंकज सिंह की खेत में लगे गेहूं की हजारों रुपए की फसल जलकर नष्ट हो गई है।
रिपोर्ट:केआर राव