रजौन, बांका : रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर-हंसडीहा मुख्य सड़क मार्ग पर बनगांव गांव के समीप केशव वाटिका विवाह भवन के सामने मंगलवार को दिन के करीब 10 बजे के आसपास भीषण सड़क हादसे में कार पर सवार एक महिला की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, वहीं कार पर सवार चार अन्य गम्भीर रूप से जख्मी हो गए हैं। जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्य झारखंड के गोड्डा जिले के माले के अनिल सहनी अपने परिवार के साथ कार से भागलपुर डॉक्टर को दिखाने के लिए जा रहे थे। इसी क्रम में बनगांव के समीप भागलपुर की ओर से तेजरफ्तार में आ रही अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से कार के आगे-आगे चल रही जुगाड़ गाड़ी से टक्कर हो गई, इसी क्रम में पीछे-पीछे चल रही कार भी ओवरटेक के चक्कर में ट्रक से टकरा कर बुरी तरह से दुर्घटना ग्रस्त हो गई। जिसमें मौके पर एक महिला मंजू देवी की मौत हो गई तथा कार पर सवार शेष चार लोग गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। सड़क दुर्घटना की सूचना पर घटनास्थल पर काफी भीड़ लग गई और मुख्य सड़क मार्ग पर यातायात सेवा करीब आधे घंटे तक पूरी तरह से बाधित हो गई। मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आई एम्बुलेंस से मृतका एवं सभी जख्मियों को अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी प्रभारी डॉ. ब्रजेश कुमार ने सभी जख्मियों को जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय भागलपुर मायागंज रेफर कर दिया गया है, हालांकि मायागंज ले जाने के क्रम में एक महिला सिंधु देवी पति अनिल सहनी एवं वाहन चालक अनुज कुमार मंडल पिता- सिकंदर मंडल की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अनुज कुमार की शादी इसी 8 मई को हुई थी। बता दें कि इस कार पर कुल 5 लोग सवार थे जिसमें दो महिला एवं तीन पुरुष सवार थे, जिसमें दो महिला एवं एक वाहन चालक की मौत हो गई है। वहीं जख्मी में अनिल सहनी और धीरज कुमार की हालत अभी भी काफी नाजुक बनी हुई है। जिसका इलाज मायागंज में चल रहा है। वहीं मृतका मंजू देवी पति जुलुम सहनी झारखंड बिहार सीमा पर अवस्थित झारखंड के खटना फसया पंचायत मुखिया दिलीप कुमार की बहन बताई जा रही हैं। घटना की पूरी जानकारी पुलिस इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने घटनास्थल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजौन पहुंच कर जायजा लेते हुए परिजनों को दे दी गई। परिजनों के आने के बाद शव की पोस्टमार्टम बांका में करा ली गई है।
रिपोर्ट:केआर राव