दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज,(बांका):अंगक्षेत्र का प्रसिद्ध सिद्धपीठ तिलडीहा दुर्गा मंदिर परिसर में शुक्रवार को पाठाबलि का आयोजन किया गया । जिसमें 2639 पाठाबलि पड़ा। शारदीय नवरात्र के करीब पांच माह बाद पाठा बलि के लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिली । जिस कारण पाठाबलि के लिए भक्त उमड़ पड़े । रात के दो बजे से ही लोग नंबर लगाने मंदिर पहुंचने लगे । सुबह सात बजे तक तो मंदिर के मुख्य द्वार से करीब एक किलोमीटर तिलडीहा गांव तक लंवी कतारें लग गई । सुबह आठ बजे से बलि का काम शुरू हुआ । यह सिलसिला दोपहर के दो बजे तक चला । प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन ने 2639 पाठा पड़ने की पुष्टि की है ।गर्मी पर आस्था रहा भारी - एक तो गर्मी का महिना और उपर से चिलचिलाती धूप में भी भक्त पाठाबलि के कतार में लगे रहे । इसके बावजूद भी भक्तों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा । मुख्य द्वार से करीब तीन सौ मीटर तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी । प्रवेश द्वार पर पुलिस जवान सख्त थे । जिसमें बैरिकेड के अंदर 50 लोगों को ही पाठा लेकर जाने की अनुमति थी । ताकि अंदर भगदड़ की स्थिति न हो । शंभुगंज से तिलडीहा के रास्ते तारापुर की ओर जाने के लिए वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा । भीड़ के कारण दो , चार पहिए वाहन घंटो देर तक रेंगते रहे । सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार राव , प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन , सीओ अशोक कुमार , थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे । थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत ने बताया कि पाठाबलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हुआ ।
