शंभुगज (बांका):जिले के शंभुगज थाना क्षेत्र के पड़रिया पंंचायत स्थित पड़रिया गांव के एक युवक की कसबा - दहूरा बहियार में देर शाम गला दबाकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक युवक वरूण कुमार (22) पिता सीताराम चौहान उक्त गांव के रहने वाले हैं। मृतक के पिता ने बताया कि मृतक अपनी पत्नी गुड्डी देवी के बुलाने पर साइकिल से बीते देर शाम करीब नौ बजे बगल के गांव अमरपुर थाना क्षेत्र के बिधुआ बांझनी गांव ससुराल जा रहा था। मृतक का शादी तीन वर्ष पूर्व उक्त गांव के रूदो चौहान की पुत्री से हुआ था। जिसमें दो साल का एक पुत्र सीओ कुमार है। मृतक गांव में मजदूरी का काम करता था। वह तीन भाई में दूसरे स्थान पर था। जहां ससुराल जाने के क्रम में रास्ते में साइकिल रोककर घटना को अंजाम दिया गया। घटना का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल सका है। वहीं सुबह सुबह मवेशी चराने वाले लोगों ने शव को देखकर हो - हल्ला किया तो देखने वालों की बहियार में भीड़ टूट पड़ी। जबकि मृतक का साइकिल मुख्य पथ किनारे खड़ी थी। जहां करीब सौ मीटर की दूरी पर बहियार में गले में गमछी बांधकर नृशंस तरीके से गला दबा कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना थाना को दी गई। जहां थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई। वहीं रोते बिलखते परिजनों को सांत्वना देकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए बांका भेज दिया। पुलिस हरेक बिंदुओं पर घटना की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत ने बताया कि मामले की जांच - पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दिया जाएगा।
शंभुगज में साईकिल से ससुराल जा रहे युवक की रास्ते में गला दबाकर हत्या
byआमोद कुमार दुबे
-
0