रजौन, बांका : प्रखंड मुख्यालय स्थित थाना मार्ग एवं ऐतिहासिक शुजा शिकार तालाब के तट पर अवस्थित राजवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर स्थित यज्ञस्थल पर राजवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर पूजा समिति के तत्वावधान में 5 मई से आयोजित श्री श्री 1008 शिव शक्ति महारुद्र यज्ञ परवान पर है। श्री शिवशक्ति योगपीठ नवगछिया के पीठाधीश्वर परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज के कुशल नेतृत्व व पावन दिशा-निर्देश में उनके शिष्य सह मंदार गुरुधाम के वैदिक आचार्य पंडित अनिरुद्ध शास्त्री, पंडित ब्रजेश मिश्रा, पंडित हरि नारायण रामानुज दास, प्रियांशु तिवारी, गौतम पांडेय, अनीश पांडेय सहित 17 अन्य विद्वान पंडितों द्वारा सम्पन्न कराए जा रहे महारुद्र यज्ञ के मंत्रोच्चारण के साथ-साथ विद्वान साधु-संतों के द्वारा हो रहे कथा-प्रवचन, अयोध्या के रासलीला मंडली के कलाकारों द्वारा कराए जा रहे रामलीला एवं भजन-कीर्तन के आयोजन से रजौन बाजार सहित आसपास का वातावरण काफी भक्तिमय एवं गुंजायमान हो गया है। यज्ञ मंडप की परिक्रमा के साथ-साथ यज्ञस्थल पर स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं के प्रतिमा के पूजन एवं कथा-प्रवचन श्रवण के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आ रहे हैं। यज्ञ के आठवें दिन गुरुवार को यज्ञस्थल पर सुबह एवं संध्या दोनों पाली में आसपास सहित दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। वहीं दिन के सत्र में अयोध्या से आए झांकी सरकार रासलीला मंडली के कलाकारों द्वारा शूर्पणखा नासिका भंग एवं खर-दूषण वध प्रसंग का भव्य मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं से पूरा पंडाल पटा रहा। बता दें कि इस नौ दिवसीय महारुद्र यज्ञ का समापन 13 मई दिन शुक्रवार को हो जाएगा। महारुद्र यज्ञ के मौके पर लगे मेले में भी श्रद्धालु झूले, ब्रेक डांस, तरह-तरह के खानपान से सम्बन्धित व्यंजनों आदि का जमकर आनंद उठा रहे हैं। वहीं इस नौ दिवसीय महारुद्र यज्ञ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष बासुकीनाथ सिंह, उपाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, देवनंदन श्रीवास्तव, वीरेंद्र यादव, सचिव प्रदीप कुमार सिंह, उपसचिव नरेश पांडेय, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र साह, उपकोषाध्यक्ष सह उद्घोषक ओंकार भारती एवं यज्ञ समिति के सभी कार्यकारिणी सदस्यों के साथ-साथ सत्यनारायण सिंह, सिकंदर यादव, उदयकांत झा, प्रोफेसर जयकुमार राणा, प्रोफेसर जीवन प्रसाद सिंह, अवधेश झा, महादेव तिवारी, रघुवीर साह, डॉ. प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश सेन प्रीतम, दिलीप मंडल, ओंकार भारती, रंजीत कुमार, राजनाथ सिंह, प्रीतम कुमार राव, मनीष चौबे, गौरव कुमार, सौरव कुमार, अर्पित कुमार, मयंक कुमार सिंह, शिवांश कश्यप सहित समस्त रजौन प्रखंडवासी तन-मन से लगे हुए हैं।
रिपोर्ट :केआर राव