रजौन, बांका : रजौन प्रखंड के नवादा सहायक थाना अंतर्गत जगदीशपुर-सन्हौला मार्ग पर बुधवार को दोपहर करीब 3 बजे मध्य विद्यालय हरचंडी के समीप ट्रक से कुचलकर एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान नाम युवराज ओझा, पिता राजेश ओझा, माता बेबी देवी है, जो पूर्वी चम्पारण के पिपरा थाना अंतर्गत दामोदरपुर बैरिया बजरिया गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि मृतक युवराज ओझा अपने माता बेबी देवी के साथ अपने ननिहाल हरचंडी 11 मई दिन बुधवार को सुबह ही आया था। युवराज दोपहर करीब 3 बजे के आसपास अपने नानी सीता देवी के साथ हरचंडी गांव स्थित किराना दुकान से सामान खरीद कर आ रहा था। इसी बीच सन्हौला की ओर से जगदीशपुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही अनियंत्रित ट्रक के चपेट में आने से युवराज ओझा की मौत हो गई। घटना के बाद हरचंडी गांव के आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने जगदीशपुर-सन्हौला सड़क मार्ग को करीब ढाई से 3 घण्टे तक जाम कर दिया। घटना की जानकारी के बाद नवादा थानाध्यक्ष दीपक पासवान एवं रजौन सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन को मिलने के बाद सशस्त्र बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सरकार द्वारा मिलने वाले हर तरह की मदद का आश्वासन देने पर शाम करीब 6 बजे जाम हटा। सीओ मोहम्मद मोइनुद्दीन ने बताया मृतक के परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ आवेदन करने पर विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी को प्रेषित किया जाएगा। सड़क दुर्घटना से संबंधित मिलने वाला राशि पूर्वी चंपारण द्वारा देय होगा। वहीं उक्त ट्रक एवं ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। खबर प्रेषण तक पुलिस घटनास्थल पर ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई थी।
रिपोर्ट:केआर राव