कटोरिया पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से तीन बकरी चोर गिरोह के सदस्य को किया गिरफ्तार
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका)- कटोरिया पुलिस ने थाना क्षेत्र के इनारावरण गांव के ग्रामीणों की मदद से मंगलवार को तीन बकरी चोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चोर में देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के संथाली टोला निवासी राजकुमार यादव, गुड़िया देवी एवं आसमां खातून शामिल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को थाना क्षेत्र के लक्ष्मणझूला के पास से भूपेंद्र यादव की एक बकरी, इनारावरण के पास श्री यादव की एक बकरी एवं अन्य 3 बकरियाँ को चुराकर ये गिरोह ऑटो से देवघर ले जा रहे थे। लेकिन इनारावरण के पास बकरी को चुराते हुए किसी स्थानीय ग्रामीण ने देख कर हो हल्ला कर दिया। जिसे सुनकर नथमल धर्मशाला के पास ग्रामीणों ने चोरों को घेर कर पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज तिवारी सदलबल मौके पर पहुंचे तथा चोरों को गिरफ्तार कर थाना लाया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार चोरों ने बताया कि वे ऑटो से मुख्य मार्ग में बकरियों की चोरी करते थे। और चोरी की गई बकरियों की बिक्री देवघर में कर देते थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।