दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगज(बांका):सरकार के सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में हमेशा कदम से कदम मिलाकर साथ चलने वाली जीविका समूह की स्थिति प्रखंड में ठीक नहीं है । जीविका समूह का काम सिर्फ कागजों पर चल रहा है , धरातल पर कुछ और नजर आ रहा है । इस क्रम में लक्ष्मी जीविका समूह के 10 महिलाओं ने अपने ही जीविका सीएम , बैंक मित्र पर लाखों की राशि हेराफेरी करने का आरोप लगाया है । सोमवार को गुलनी पंचायत के लक्ष्मी जीविका समूह की सभी महिला सदस्य गोलबंद होकर थाना पहुंचे । जहां जीविका सदस्य संगीता देवी , साजो देवी , मुन्नी देवी , सुनीता देवी , पुनम देवी , शोभा देवी ,सहित अन्य ने बताया कि वर्ष 2019 ई में सीएम पुष्पा सिंह द्वारा लक्ष्मी जीविका समूह के नाम एक लाख रूपये लोन दिलाने का काम किया । ताकि बकरी , मुर्गी पालन कर रोजी - रोजगार को आगे बढ़ा सके । इसके विपरीत पुष्पा सिंह ने बैंक मित्र और यूको बैंक कर्मियों को मेल में रख चतुराई से इस समूह के नाम डेढ़ लाख रूपये चढ़ा दिया । पीड़िता ने बताया कि लोन चुक्ता करने के लिए प्रत्येक सप्ताह राशि जमा करते गए , लेकिन वह राशि बैंक में जमा नहीं हुआ । इसके बाद 2020 में यूको बैंक गुलनी शाखा से अलग - अलग दो किस्तों में एक लाख समूह के नाम फर्जी निकासी की गई । इसका खुलासा तब हुआ जब जीविका के एक अधिकारी द्वारा समूह के नाम तीन लाख रूपये बकाया होने की बात कही । इसकी शिकायत लेकर सीएम पुष्पा सिंह एवं बैंक मित्र श्वेता कुमारी के अलावे गुलनी बैंक पहुंचे । सभी जगहों पर निराशा मिला । अब तो सीएम और बैंक मित्र कुछ सुनने के लिए तैयार नहीं है । लक्ष्मी जीविका के उपरोक्त महिला सदस्यों ने राशि हेराफेरी करने का आरोप सीएम , बैंक मित्र के खिलाफ थाना में आवेदन दिया है । इस संबंध में सीएम पुष्पा सिंह से पूछने पर आरोप निराधार बताया । जीविका के प्रखंड समन्वयक शुभम कुमार ने बताया कि लक्ष्मी जीविका समूह द्वारा राशि हेराफरी करने की शिकायत मिली है । इसके अलावे भी कई शिकायतें हैं , जिसकी जांच चल रही है । थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी ।
