मिट्टी का दीवार गिरने से सात बर्षीय बच्चे की मौत

दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट

शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र के बसुहारा गांव में मिट्टी का दीवार गिरने से एक बालक की दबकर मौत हो गई। मृतक बालक लोचन पंडित का सात वर्षीय पुत्र सुंदरम कुमार था। घटना मंगलवार की दोपहर बाद हुई है। लोचन पंडित का मिट्टी का वर्षों पुराना घर है ।गृहस्वामी द्वारा नए स्तर से घर का निर्माण कार्य किया जा रहा था ।लोचन पंडित सहित अन्य घर के सदस्य घर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।  सभी बच्चे भी घर में खेल मगन थे । वहीं श्रमिकों द्वारा मिट्टी के दीवार को तोड़ने का काम जारी था । अचानक इस बीच लोचन पंडित का छोटा पुत्र सुंदरम बाहर खेलने के लिए दौड़ पड़ा। जहां ऐन वक्त पर दीवार का मलवा सुंदरम पर आ गया ।बालक चीख पाते , तबतक मलवे में दबकर अचेत हो गया ।स्वजनों सहित काम कर रहे श्रमिकों ने किसी तरह अचेतावस्था में बालक को मलवे से निकाला , और इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। अस्पताल में ड्यूटि पर तैनात चिकित्सक डा संदीप कुमार ने बालक की नाजुक स्थिति देख जेएलएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया ।रास्ते में ही बालक की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया।तीन भाईयों में सबसे छोटा था सुंदरम - लोचन पंडित के तीन संतानों में सुंदरम सबसे छोटा था। बड़ा पुत्र सत्यम 11 वर्ष एवं दूसरा नौ वर्ष का शिवम है , जो अभी पढ़ रहा है ।सुंदरम भी प्राथमिक विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था।लोचन पंडित के लिए मंगल हुआ अमंगल - मंगलवार की शुभ तिथि मान लोचन ने घर निर्माण कार्य में हाथ लगाया , लेकिन मंगल अमंगल रह गया। मां बबीता देवी का रो रो कर बुरा हाल है ।पिता की मानों तो आंखों से आंसू सूख गया हो ।दोनों भाईयों को क्या पता कि घर में किस चीज का मेला है । स्वजनों के करूण - क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। 

ग्रामीण वरूण कुमार सहित अन्य ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लोचन पंडित बीपीएल परिवार से है ।इसके वाबजूद भी अभी तक प्रधानमंत्री आवास नहीं मिल सका । उन्होंने सरकार से पीड़ित स्वजनों को आर्थिक लाभ देने की बात कही है।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post