धोरैया के बबुरा में ताड़ के वृक्ष पर फल काटने चढ़े व्यक्ति की फिसलने से हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बांका : धोरैया प्रखंड अंतर्गत धनकुंड थाना क्षेत्र के बबूरा गांव में ताड़ के पेड़ से गिरकर 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो जाने की खबर है। मृतक की पहचान बबुरा ग्राम निवासी भोला दास के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार मृतक ताड़ के पेड़ पर चढ़कर ताड़ काट रहा था, इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिरकर बुरी तरह से जख्मी हो गया।जख्मी अवस्था में परिजनों द्वारा उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भागलपुर ले जाया गया। जहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जाता है कि गरीब भोला दास का ताड़ के पेड़ पर चढ़ना पेशा था, फिलहाल वह ताड़ फल काटकर उसका कुआ बेचने का काम करता था।मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस तरह की इसके पूर्व रजौन थाना अंतर्गत परघड़ी-लकड़ा पंचायत के चैनपुर गांव में ताड़ का फल काटने के क्रम में एक महिला की गर्दन पर ताड़ फल का खानी गिर जाने से बुरी तरह से जख्मी हो गई थी।जिसकी मौत भागलपुर मायागंज अस्पताल से पटना रेफर होने के क्रम में रास्ते में हो गई थी।चैनपुर ग्राम निवासी विनय कुमार पांडेय ने बताया कि चैनपुर गांव के कामेश्वर पासवान की 45 वर्षीय परित्यक्ता पुत्री अंजना देवी के गर्दन पर ताड़ फल का खानी 2 जून की दोपहर करीब 1:30 बजे गिर गया था। अंजना देवी आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 140  पर सहायिका के रूप में पदस्थापित थी. 2 जून को ही जख्मी अवस्था में रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया था। स्थिति काफी नाजुक देख भागलपुर मायागंज ने भी बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया था। जिसकी पटना पहुंचने के पहले ही रास्ते में मौत हो गई।मृतका अंजना देवी का शव आने के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम दाह संस्कार शनिवार को भागलपुर बरारी श्मशान घाट में कर दिया गया है। अंतिम दाह संस्कार मृतका के भाई गनौरी पासवान ने मुखाग्नि दिया है। मृतका के पति ने परित्याग कर दिया था।मृतका अपने पिता के घर चैनपुर में रहकर आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में काम करते हुए जिल्लत की जिंदगी जी रही थी। इस दोनों घटना से धनकुंड थाना के बबुरा एवं रजौन थाना के चैनपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
रिपोर्ट:केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post