रजौन, बांका : रजौन थाना क्षेत्र के पुनसिया बाजार में शुक्रवार की देर रात चोरों के गिरोह ने पूजा ज्वेलरी नामक एक दुकान में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरी की इस घटना में जेवर जेवरात नगदी सहित करीब दो लाख रुपए की संपत्ति चोर उड़ा ले गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने इस दौरान बगल के एक अन्य ज्वेलरी दुकानदार अरविंद साह के दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन तब तक अगल-बगल के बाजार वासी जग गए और हो हल्ला होने के बाद हथियार से लैस चोरों का गिरोह आसमानी फायरिंग कर बाजार वासियों को धमकाते हुए भाग निकला। इस घटना को अंजाम देकर चोरों ने पुलिस को एक बार फिर खुली चुनौती दे दी है। इधर, इस घटना को लेकर बाजार वासियों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है। बाजार वासियों ने बताया कि कुछ लोगों ने अपराधियों को नकाबपोश देखा है। बता दें कि करीब एक वर्ष बाद रजौन थाना क्षेत्र में चोरी की फिर से एक बार बड़ी घटना घटी है। इसके पूर्व 16 जनवरी 2021 को रजौन बाजार के नवटोलिया रोड में बसे वर्तमान निवासी स्वर्ण व्यवसायी विमल पोद्दार के आवासीय घर में अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान चोरों ने लाखों रुपए मूल्य की सोने-चांदी सहित नगद उड़ा ले भागे थे। इस मामले में पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। शुक्रवार की देर रात रजौन बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी संजय स्वर्णकार के पुनसिया बाजार स्थित पूजा ज्वेलरी नामक दुकान के गली का शटर तोड़कर बेखौफ चोरों ने जेवर-जेवरात व नगदी सहित करीब दो लाख मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। इस घटना की जानकारी किसी ने दुकानदार को सुबह 5:00 बजे दी। खबर मिलते ही स्वर्ण व्यवसायी संजय स्वर्णकार के होश उड़ गए और वे तुरंत रजौन बाजार स्थित अपने आवास से पुनसिया बाजार पहुंचे। इधर इस घटना के बाद रजौन पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली है। इस घटना के बाद स्वर्ण व्यवसायियों सहित अन्य दुकानदारों में भी दहशत व खौप का माहौल है। पीड़ित दुकानदार ने रजौन थाना में घटना की लिखित शिकायत की है। पुलिस इस घटना में शामिल गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है, हालांकि पुलिस ऐसे गिरोह तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
रिपोर्ट:केआर राव