बांका: चांदन प्रखंड मुख्यालय के आदर्श मध्य विद्यालय के पास काली मंदिर की जमीन पर से अतिक्रमण हटाने को लेकर अंचल कार्यालय द्वारा निर्धारित तिथि सात जून के समाप्त हो जाने के बाद भी अतिक्रमण नही हटाये जाने से लोगो मे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ज्ञात हो कि काली मंदिर की जमीन पर काफी पूर्व से ही कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके खिलाफ स्थानीय निवासी रामचंद्र मिस्त्री के नेतृत्व में कुछ स्थानीय लोगों ने अंचलाधिकारी को आवेदन दिया था। जिसके आलोक में पूरी जांच कर लेने के बाद अंचलाधिकारी द्वारा सभी अतिक्रमणकारियों जिसमें अभिमन्यु मिस्त्री, नकुल मिस्त्री, सत्यनारायण वर्णवाल,ललन पांडेय,विनय दुबे,सूरज दुबे,मुकेश दुबे को काली मंदिर की जमीन को सात जून तक खाली करने का नोटिश दिया गया था। लेकिन वह समय सीमा समाप्त हो जाने के बाद प्रशासन की चुप्पी पर अंगुली उठने लगी है। स्थानीय लोगो ने बताया कि अंचल के कुछ कर्मी की मिलीभगत से 20 जून तक जमीन तक जमीन खाली करने का दूसरा नोटिश भी जारी कर दिया गया था। लेकिन जब सीओ को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने उस नोटिश को रद्द कर सात जून वाली नोटिश को ही माना। इस संबंध में सीओ प्रशांत शांडिल्य ने कहा कि जिला के कुछ कार्यो में व्यस्त रहने के कारण समय नही मिल सका है।अब जल्दी ही पुलिस बल औऱ बुलडोजर की मदद से जमीन को जल्दी ही खाली कराया जाएगा।