सड़क दुर्घटना में हुई युवक के मौत के मामले में ट्रक चालक पर मामला दर्ज
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट.
कटोरिया (बांका) कटोरिया थाना क्षेत्र के कटोरिया- देवघर मुख्य मार्ग पर गोनोवारी मोड़ पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मृतक एवं जख्मी की पहचान कर ली गई है। घटना को लेकर मृत युवक के मामा भागलपुर जिले के इशाकचक थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी मो परवेज आलम के फर्द बयान पर कटोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें बताया है कि मृतक भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत सैरमारी गांव के नूर हसन का पुत्र ताजीम हसन अपने साथी भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव के मो कमर के पुत्र मो ताज के साथ बाइक द्वारा भागलपुर से कटोरिया होते हुए देवघर जा रहा था। इसी दौरान गोनोवारी मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे ताजीम की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि बाइक पर पीछे सवार मो ताज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इधर घटना के बाद से ट्रक चालक एवं खलासी फरार है। पुलिस चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।