बांका: चांदन प्रखंड मुख्यालय में बीते एक सप्ताह से पीएचईडी का पानी सप्लाई बंद होने से लोगो की परेशानी काफी बढ़ गयी है। हाल ही के दिनों में एक मात्र पानी टंकी से पूरे प्रखंड में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए करीब 60 लाख से अधिक की योजना का काम कागज पर पूरा कर लिया गया। लेकिन इस पानी टंकी से एक भी दिन लोगों को पानी नसीब नहीं हो सका। इससे साफ जाहिर है कि इतनी बड़ी राशि का बड़ी आसानी से बंदरबांट कर लिया गया है। और जो भी पानी लोगों को मिल रहा है वह सीधे नदी से पंप द्वारा मिलता है। वह पानी भी अब एक सप्ताह से बंद पड़ा है। इसके पीछे पदाधिकारी और ठेकेदार एक दूसरे को दोषी मान रहे हैं। जबकि आम लोग एक बार फिर से पानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। पंप चालक सुनील कुमार के अनुसार विभाग के पदाधिकारी मशीन की खराबी के लिए ठेकेदार को जिम्मेवार मानते हैं। औऱ उसे ही मशीन की खराबी दूर करने के लिए जबाबदेह मानते है। जबकि ठेकेदार विकास यादव का कहना है कि जब विभाग पैसा ही नहीं देगा तो मशीन ठीक कहां से किया जाएगा। इस कारण सिर्फ एक बैरिंग के चलते मोटर बंद है। और लोगों को पानी नसीब नहीं हो रहा है। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बीडीओ राकेश कुमार से भी शिकायत की तो उन्होंने बताया कि जल्दी ही खराबी को दूर करके लोगों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा, इसके लिए विभाग से भी बातचीत की जा रही है।