पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका) थाना क्षेत्र के फुलवड़िया कला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार रात एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले को लेकर गांव के भिमल तांती की पत्नी चंद्री देवी ने थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी की गुहार लगाई है। जिसमें गांव के ही मनोज तांती, शिवनारायण तांती, संजय तांती सहित 7 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। आवेदिका ने बताया है कि वह अपने पूरे परिवार के साथ रात में घर में थी। इसी दौरान नामजद सभी आए तथा गाली गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर सभी ने आवेदिका के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही आवेदिका के गले से चांदी की 30 भर जेवर छीन लिया। इसी बीच बचाने आई आवेदिका की बेटी एवं पति के साथ भी नामजद अभियुक्तों ने मारपीट की। साथ ही बेटी का जेवर एवं मोबाइल छीन लिया। आवेदिका ने बताया कि नामजद अभियुक्तों ने कुछ दिन पूर्व भी मारपीट किया था। जिसको लेकर थाने में शिकायत की गई थी। इसी बात से नाराज़ सभी नामजद अभियुक्तों ने बुधवार रात फिर से मारपीट की। साथ ही आवेदिका के बेटे एवं पोतों को जान से मारने की धमकी दी।