आयुक्त दयानिधि पांडेय द्वारा श्रावणी मेले के तैयारियों का जायजा

बांका:14 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के सफल संचालन के लिए जिले के कांवरिया पथ पर चल रहा तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को आयुक्त भागलपुर दयानिधि पांडेय खुद कांवरिया पथ पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। आयुक्त के साथ डीएम आंशूल कुमार,एसपी सत्यप्रकाश के अलावे सभी विभाग के अधिकारी पूरे दलबल के साथ उपस्थित थे।अपने निरीक्षण की शुरुआत आयुक्त दयानिधि पांडेय द्वारा बिहार झारखंड की सीमा चांदन प्रखंड के दुम्मा से किया। जहां बिहार के प्रवेश द्वार की स्थिति को जर्जर देखकर उन्होंने अविलम्ब उस द्वार को चुस्त-दुरुस्त करते हुए झारखंड के प्रवेश द्वार की तरह बनाने का निर्देश दिया। लगातार कई वर्षों से बिहार का तोरण द्वार  जर्जर बना हुआ है जिसे हर सावन में चुस्त-दुरुस्त करने का आश्वासन दिया जाता है। लेकिन स्थिति जस की तस रहती है। कई जगह उसका मार्बल उखड़ जाने से वह देखने में ठीक नही लग रहा है। इसके अलावे संपूर्ण कांवरिया पथ में सभी व्यवस्था को सावन शुरू होने से एक सप्ताह पूर्व पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करने का आदेश दिया। 
जिसमें  कच्ची कांवरिया पथ, शौचालय, बिजली, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, कांवर रखने के स्टैंड, और पूर्व से बनाई गई कुर्सी का रंग रोगन करने और जंगली इलाकों के कांवरिया पथ पर सोलर लाइट की व्यवस्था करने की भी बात कही गई । साथ ही साथ सभी सरकारी धर्मशाला को रंग रोगन कर चकाचक बनाने उसके आसपास सफाई की व्यवस्था और कांवरिया पथ को अतिक्रमण मुक्त करने की बात भी कही गई। इतना ही नहीं संपूर्ण कांवरिया पथ के उप स्वास्थ्य केंद्रों में हर प्रकार की दवाई और एंबुलेंस की व्यवस्था भी करने को कहा गया। जहां 24 घंटे चिकित्सा की सुविधा बनी रहे, जिससे कांवरिया को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो। साथ ही साथ पूरे कांवरिया पथ में दिन बाद पुलिस गश्ती, घुड़सवारी गस्ती, और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को भी तत्पर रहने को कहा गया। जिससे किसी भी प्रकार की अफवाह के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हो। कांवरिया पथ में कई जगहों पर सरकारी बस पड़ाव बनाने का भी आदेश दिया। जिससे निजी वाहन पड़ाव में कांवरिया का आर्थिक दोहन रोका जा सके।  और कांवरिया को कोई परेशानी नहीं हो। जिले के हर प्रखंड में पड़ने वाले कांवरिया पथ में सभी जगह वाहन पड़ाव को चिन्हित करने की भी बात कही गई। जहां कांवरिया की रात्रि ठहराव होता है वहां सुरक्षा की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का भी आदेश दिया गया। पूरे कांवरिया पथ को नशामुक्त औऱ खुले में शौचमुक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।जिले के सभी विभाग के अधिकारियों के साथ बीडीओ राकेश कुमार,सीओ प्रशांत शांडिल्य, एसडीपीओ बेलहर प्रेमचन्द्र सिह,थानाध्यक्ष नसीम खान सहित अन्य प्रखंड के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। 


Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post