प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बैठक
कटोरिया से अरविंद प्रताप सिंह का रिपोर्ट
l कटोरिया (बांका) प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना में गति लाने को लेकर आवास सहायकों के साथ एक बैठक आयोजित की गयी। जिसकी अध्यक्षता बीडीओ प्रेम प्रकाश ने की। बैठक में आवास योजना की स्थिति की पंचायतवार समीक्षा की गई। मौके पर बीडीओ ने कहा कि ऐसे लाभुक जिन्होंने पहली किश्त का उठाव कर लिया है तथा आगे के निर्माण कार्य में शिथिलता बरत रहे है, वैसे लाभुकों का नाम एक रजिस्टर में दर्ज कर संबंधित पंचायत के आवास सहायक क्षेत्र में भ्रमण कर उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रोत्साहित करें। अगर फिर भी लाभुक द्वारा इस ओर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया जाता है तो उनके विरूद्ध आगे की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर आवास सहायक मुकेश कुमार, मधुलता कुमारी, संतोष कुमार, उज्जवल कुमार, विक्रम कुमार, सत्यम पोद्दार, आंनद रंजन, रवि कुमार बेसरा, प्रशांत सिन्हा आदि मौजूद थे।
