बांका: श्रावणी मेला में सुल्तानगंज देवघर पक्की सड़क सहित आसपास के सड़कों पर बड़ी संख्या में जाम की स्थिति को देखते हुए झारखंड और बिहार के पदाधिकारियों की एक बैठक जो पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चांदन प्रखंड कार्यालय सभागार में होनी थी। वह अचानक देवघर में संपन्न हुई। जहां से लौटने के बाद दुम्मा सीमा पर अस्थायी थाना शिविर में डीटीओ अशोक कुमार बताया कि रविवार सुबह साढ़े सात बजे से सोमवार आठ बजे रात तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहन को सड़कों पर चलने नहीं दिया जाएगा। उसके लिए पार्किंग स्थल बनाया जाएगा जहां सभी मालवाहक को और रोक कर रखा जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीटीओ अशोक कुमार ने बताया कि बांका से देवघर वाली सड़क में आने वाले वाहन को आर पत्थर के पास बेरियर लगाकर रोका जाएगा। जबकि सुल्तानगंज की ओर से आने वाले सभी मालवाहक को दलसिंहसराय धर्मशाला के अगल-बगल रोक कर रखा जाएगा। कटोरिया से निकलने वाले किसी भी मालवाहक को चांदन और कटोरिया सीमा पर एक स्थल का चयन कर वहां रखा जाएगा। जिससे सड़कों पर आवागमन सुचारू रूप से हो सके। साथ ही साथ अति आवश्यक वाहनों के लिए दर्दमारा सीमा से झींगाझाल और दर्दमारा से दुम्मा तक जाने वाली पक्की सड़क को पूरी तरह खाली रखा जाएगा। जिससे आने जाने वालों को कोई परेशानी नहीं हो। साथ ही साथ सभी पक्की सड़क के किनारे के दुकानदारों से यह अपील की जाएगी कि अपने दुकान के सामने किसी भी वाहन को खड़ा होने नहीं दें। अन्यथा उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी लाउडस्पीकर द्वारा करा दिया जाएगा। इसलिए मालवाहक चालक और उसके मालिक से भी अनुरोध है कि रविवार और सोमवार को अपना मालवाहक वाहन किसी पार्किंग में खड़ा करने की जगह अपने घर पर रखें। जिसे वह सुरक्षित भी रह सके। सोमवार रात आठ बजे के बाद माल वाहन कहीं भी आ जा सकते हैं। नो पार्किंग स्थल पर पकड़े जाने पर मालवाहक वाहन को दंडात्मक कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा। जबकि सड़क किनारे खड़े वाहन से जुर्माना वसूल किया जाएगा। इसे पूरी तरह रविवार से ही लागू करने का निर्णय देवघर और बांका के प्रशासनिक अधिकारियों औऱ पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक में लिया गया।जिससे दोनों जिला में जाम की बड़ी समस्या से निजात मिल सके।इस बैठक में एसडीएम डां प्रीति,डीटीओ अशोक कुमार चांदन, बेलहर,सुईया,के बीडीओ थानाध्यक्ष, सहित बीडीओ राकेश कुमार,सीओ प्रशांत शांडिल्य उपस्थित थे।