जिला प्रशासन ने निजी सेवा शिविर संचालकों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका)अबरखा स्थित टेंट सिटी में सेवा शिविर व धर्मशालाओं के संचालकों एवं पंचायत के मुखिया एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ रविवार को जिला प्रशासन की बैठक आयोजित हुई।बैठक में डीएम अंशुल कुमार, एसपी डॉ सत्यप्रकाश, एडीएम माधव कुमार सिंह एवं एसडीपीओ बेलहर प्रेमचंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। मौके पर डीएम ने कहा पथ को सुगम बनाने के लिए गंगा का महीन बालू बिछाया गया है। वहीं बालू गर्म ना हो इसके लिए पानी का भी छिड़काव की व्यवस्था की जाएगी। बताया कि दो दिन के अंदर सारी व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी। इस दौरान डीएम ने बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए आने वाले कांवरियों से बूस्टर लेकर मेले में आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांकाजिले के 55 किलोमीटर के पथ में 4 धर्मशालाओं की व्यवस्था की गई है। वहीं निजी सेवा शिविर एवं धर्मशालाओं की संख्या सैकड़ों में है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान अपने आसपास सफाई रखें। कांवरियों के लिए शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय एवं स्नानागार की व्यवस्था करें। ताकि कांवरियों को कोई परेशानी ना हो। उन्होंने कांवरिया पथ के क्षेत्र के पंचायत के मुखिया को मेले के दौरान सारी व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन के लिए कैंप लगाया जाएगा। साथ ही शिविर व धर्मशाला में मेले से जुड़े सभी विभाग के अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर को भी प्रदर्शित करने की बात कही। वहीं एसपी ने कहा कि 55 किलोमीटर की दूरी की यात्रा के दौरान 2000 सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं नक्सल क्षेत्र को देखते हुए लगातर एरिया डॉमिनेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान नशाखुरानी गिरोह, चोर गिरोह, शीशा कटिंग गिरोह एवं अन्य असामजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। पथ में 13 अतिरिक्त अस्थाई थाना बनाया गया है। उन्होंने सभी से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही। वहीं एडीएम ने कहा कि मेले के दौरान हर एक दुकानदार को अनुज्ञप्ति लेना अनिवार्य होगा। सेवा शिविर व धर्मशाला संचालकों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। सभी दुकानों एवं सेवा शिविर के आगे डस्टबीन रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने पंचायत के मुखिया का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि श्रावणी मेले में बेहतर कार्य करने वाले मुखिया को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किए जाने की बात कही। इस मौके पर कटोरिया प्रमुख बबलू मंडल, चांदन उपप्रमुख दिनेश सिंह, कटोरिया बीडीओ प्रेम प्रकाश, सीओ सागर प्रसाद, चांदन बीडीओ राकेश कुमार, सीओ प्रशांत शांडिल्य, कटोरिया इंस्पेक्टर अनिल कुमार, बेलहर इंस्पेक्टर बिनोद कुमार, कटोरिया थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, सुईया थानाध्यक्ष मनीष कुमार, चांदन थानाध्यक्ष नसीम खान, डॉ दीपक भगत, डॉ ए के सिन्हा, स्वास्थ्य प्रबन्धक भरत भूषण चौधरी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जदयू नेता सह मुखिया प्रतिनिधि ओंकार यादव, पूर्व उपप्रमुख बालेश्वर दास, मुखिया प्रतिनिधि भोला यादव, शम्भु यादव, धर्मशाला संचालक भुवनेशवर झा, मुनिनाथ तिवारी, राजेश बंका आदि उपस्थित थे।

