कहीं चावल की कमी तो कहीं पानी की समस्या से बच्चों के मध्याह्न भोजन पर लगा ब्रेक

दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट

शंभुगंज (बांका) :प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाली मध्याह्न भोजन की स्थिति ठीक नहीं है। विभाग के सिस्टम की लाचारी के कारण विभिन्न विद्यालयों के करीब 500 बच्चों का एमडीएम पिछले 25 दिनों से प्रभावित है। जिन विद्यालयों में चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध है , वहां पानी के चलते एमडीएम पर ब्रेक है।प्राथमिक विद्यालय कुर्मा कन्या एवं बालक , प्राथमिक विद्यालय गोयड़ा , जगतापुर , खजूरी सहित 30 विद्यालयों में चावल की कमी से भोजन बंद है तो प्राथमिक विद्यालय शंभुगंज कन्या , प्राथमिक विद्यालय झखरा सहित आधे दर्जन विद्यालयों में पेयजल की समस्या के कारण बच्चों का एमडीएम प्रभावित है। इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय शंभुगंज की बात करें तो यहां बच्चे भोजन - पानी के लिए तरस रहे हैं। बच्चे पानी पीने के लिए बोतल में भरकर स्कूल आते हैं। जबकि यह विद्यालय प्रखंड मुख्यालय से महज आधे किलोमीटर की दूरी पर है।विद्यालय प्रभारी सुमन कुमारी , शिक्षिका सुलोचना कुमारी सहित अन्य ने बताया कि विद्यालय परिसर में पीएचइडी विभाग का एक चापानल है , जो गर्मी छुट्टी के पहले से खराब है।बताया कि निजी खर्च पर चापानल का मरम्मत कराए , लेकिन चहारदीवारी नहीं होने के कारण चोरों ने चापानल के हैंडिल की चोरी कर ली।बताया कि विद्यालय परिसर होते ही नल - जल का पाइप लाइन गांव तक गई , लेकिन कहने के वाबजूद भी विद्यालय में एक भी नल नहीं दिया। जिसके कारण मध्याह्न भोजन के साथ शौचालय भी प्रभावित है। पानी के चलते शौचालय गंदा होने के कारण बच्चे खुले में शौच जाने पर विवश हैं।बताया कि पेयजल समस्या की शिकायत कई मरतबे बीआरसी से लेकर पीएचइडी विभाग को कहा गया , लेकिन आज भी बच्चे समस्या से परेशान हैं। इस संबंध में एमडीएम प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि जल्द ही पेयजल की समस्या दूर कर एमडीएम चालू कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि विद्यालय में चावल पहुंचाने की जिम्मेवारी डोर स्टेप डिलिवरी की है। एक सप्ताह के अंदर सभी विद्यालयों में एमडीएम संचालन नियमित होगा।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post