ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
कटोरिया से अरविंद प्रसाद सिंह का रिपोर्ट
कटोरिया (बांका) कटोरिया रेलवे स्टेशन में मंगलवार रात ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक सुईया थाना क्षेत्र के चिहुटजोर गांव के मो जमाल अंसारी के पुत्र जहांगीर अंसारी (३५ वर्ष) बताया गया है। जानकारी के अनुसार युवक दुमका में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। वह देवघर स्टेशन से देवघर- गोरखपुर मेला स्पेशल ट्रेन से घर आ रहा था। कटोरिया रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं होने के कारण युवक चलती ट्रेन से कूद गया। इस दुर्घटना में युवक के सिर, मुंह में शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर अंधेरे की वजह से रात में किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई। सुबह स्टेशन पर टहलने के लिए निकले लोगों ने युवक के शव को देख स्टेशन प्रबन्धक को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबन्धक ने बांका जीआरपी को घटना की जानकारी दी। इधर घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दे दी गई है। इधर घटना के काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर युवक का लाश पड़े रहने के कारण परिजनों ने हंगामा किया। इस दौरान अंडाल- बांका पैसेंजर ट्रेन को भी परिजनों ने रोक दिया। परिजनों ने ट्रेन के आगे ट्रैक पर खड़े होकर ट्रेन को आठ मिनट के लिए रोके रखा। इधर सूचना पर स्टेशन प्रबंधक उज्जवल कुमार सिंह, थानाध्यक्ष नीरज तिवारी, स अनि एस के सुमन ने सदलबल मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शव को कब्जे में ले लिया।
