दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र के बिरनौधा पंचायत में फर्जी जाब कार्ड पर लाखों की राशि हेराफेरी मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।मंगलवार को दर्जनों लाभुक शिकायत करने थाना पहुंचे। पुलिस ने सभी लाभुकों के जाब कार्ड एवं आधार कार्ड का मिलान किया ।जहां रंधीर तांती , बादल तांती , निर्मला देवी , लाखो देवी , तेतरी देवी , सरिता देवी ने बताया कि जब से जाब कार्ड निर्गत हुआ। तब से एक दिन भी काम करने का मौका नहीं मिला ।लेकिन बैंक खाते में सरकारी राशि आया , और निकासी भी हो गई। इसकी कोई जानकारी नहीं हुई। बताया कि राशि निकासी कैथा गांव के यूको बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से हुई। उपरोक्त लाभुकों ने बताया कि यदि इस मामले में दोषी लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। ज्ञात हो कि इस कांड में बिरनौधा के पूर्व मुखिया शांति देवी , पीआरएस कुमार अजीत , सीएससी संचालक गिरिश कुमार पर मनरेगा पीओ मनोहरलाल ने दो सप्ताह पूर्व केस दर्ज कराया है।थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत ने बताया कि नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।