दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज(बांका): प्रखंड क्षेत्र के चूटिया गांव में एक महिला की मौत सर्पदंश से हो गई मृतक महिला निवाजी दास का 30 वर्षीय पत्नी बुधिया देवी थी । पीड़ित स्वजनों ने बताया कि शुक्रवार को बुधिया देवी गांव के ही किसान के खेत में मूंग तोड़ने बहियार गई थी । इस दौरान मूंग फसल में छिपे किसी बिषैले सर्प ने दंश मार दिया । जिससे महिला जोर - जोर से चिल्लाने लगी । आवाज सुन बहियार में मूंग तोड़ रहे अन्य महिलाएं दौड़कर पहुंची और इसकी जानकारी गांव में दी । सूचना पर पति निवाजी दास पहुंचे । कुछ लोगों की सलाह पर सबसे पहले निवाजी दास महिला को लेकर झाड़ - फूंक कराने पहुंच गए । जब महिला की हालत बिगड़ने लगी तो आनन - फानन में सीएचसी लाया । अस्पताल में ड्यूटि पर तैनात चिकित्सक डा रंजीत कुमार ने देखते ही महिला को मृत घोषित कर दिया । बताया कि काफी विलंव होने के कारण जहर महिला के पूरे शरीर तक पहुंच गया । जिस कारण उसकी मौत हुई । घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया । गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया । निवाजी दास के चार संतानों में दो पुत्र और दो पुत्री है । घर की माली स्थिति ठीक नहीं है । निवाजी दास भी गांव घर में दिहाड़ी का काम करता है ।क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर दो लोगों की जान चली गई । इसके पहले छत्रहार गांव के राजेंद्र रविदास की पत्नी सुबोजा देवी की मौत हुई । दोनों महिलाओं की जान झाड़ - फूंक के चक्कर में गई है । चिकित्सक डा रंजीत ने बताया कि अस्पताल में हमेशा सर्पदंश का इंजेक्शन उपल्बध है । घटना होने के बाद कभी भी झाड़ - फूक के चक्कर में नहीं पड़े बल्कि तुरंत अस्पताल पहुंचे ।