:बांका श्रद्धा एवं समर्पण का विशेष पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को जिलेभर के सभी खंडों के दैनिक शाखा लगने वाले सभी मंडलों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा गुरु पूजन उत्सव धूमधाम से मनाया गया। मालूम हो कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के छह प्रमुख उत्सवों में से एक गुरु पूर्णिमा उत्सव सभी स्वयंसेवक प्रतिवर्ष काफी उत्साह के साथ मनाते हैं। कोरोना काल के दो वर्ष बाद इस वर्ष संघ की सभी शाखाओं पर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूजन उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। बता दें कि कोरोना संक्रमण के कारण पिछले दो वर्ष तक कई शाखाओं को मिलाकर एक स्थान पर स्वयंसेवकों की सीमित संख्या रखकर पूजन किया गया था। इस वर्ष संघ का प्रयास है कि उस दिन वैसे सभी लोगों से पूजन कराया जाए जो कभी न कभी शाखा गए हैं और ध्वज प्रणाम किया है। संघ का मानना है कि स्वयंसेवक बनने की प्रक्रिया सतत जारी रहती है और जो लोग कभी शाखा पर गए और किसी कारण से जाना बंद कर दिया, वैसे सभी लोगों को गुरु पूजन में हिस्सा लेना चाहिए। इस तरह पुराने स्वयंसेवकों को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। गुरु पूजन के मौके पर समय सभी स्वयंसेवक भगवा ध्वज की पूजा करने के साथ अपनी सामर्थ्य व इच्छा के अनुसार राशि समर्पित करते हैं। उसी राशि से संगठन का वर्ष भर का खर्च चलता है। चाहे संघ के सभी प्रचारकों के प्रवास में आने-जाने का व्यय हो या संघ कार्यालय व बैठकों में होने वाला खर्च। संघ के जिला प्रचारक मनोहर लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के दिन ही सभी दैनिक शाखा लगने वाले स्थानों पर अधिक से अधिक स्वयंसेवकों से पूजन कराने की तैयारी लगभग एक सप्ताह पूर्व से ही कर ली गई थी, संघ का प्रयास है कि जो जिस इलाके में रहते हैं वे वहीं की शाखा पर जाकर पूजन व राशि का समर्पण करें। किन्हीं कारण से उस दिन जो स्वयंसेवक उत्सव में शामिल नहीं हो सकें, उनके लिए बाद में पूजन की व्यवस्था की जाएगी। आगे उन्होंने बताया कि संघ ने अपने शताब्दी वर्ष को देखते हुए 2024 तक देश के सभी मंडल व बस्ती तक शाखा शुरू करने की योजना बनाई है। इसके लिए सभी खंड व नगरों में विस्तारक भेजने की तैयारी चल रही है। इसके लिए स्वयंसेवक दो वर्ष के लिए समय देने को आगे आ रहे हैं। विस्तारक बढ़ने पर संघ का खर्च भी बढ़ेगा। इसलिए इस बार पूजन व समर्पण का विशेष महत्व है। इसके लिए संघ के दायित्वधारी स्वयंसेवक व पदाधिकारी स्वयंसेवकों से विशेष रूप से संपर्क कर रहे हैं, प्रयास है कि कोई भी स्वयंसेवक छूटे नहीं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले भर के सभी खंडों के दैनिक शाखा लगने वाले स्थानों पर आयोजित गुरु पूजन उत्सव के दौरान संघ के स्वयंसेवकों ने सर्वप्रथम परम पवित्र भगवा ध्वज को प्रणाम करने बाद तिलक एवं पुष्प अर्पित करने के साथ-साथ अपने स्वेच्छानुसार राशि गुप्त तरीके से लिफाफे में बंद करके समर्पित की। सभी स्वयंसेवकों द्वारा गुरु पूजन करने एवं मुख्य अतिथि के बैद्धिक मिलने के तदुपरांत गुरु पूजन कार्यक्रम का समापन हुआ। इसी कड़ी में रजौन खंड के मां गायत्री संयुक्त विद्यार्थी शाखा रजौन के स्वयंसेवकों ने मंडप विवाह भवन (टिंकू सिंह लाइन होटल) में गुरु पूजन उत्सव मनाया, जहां स्वयंसेवकों को संघ के जिला संपर्क प्रमुख सह वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज पांडेय का बौद्धिक मिला। इस दौरान जिला सेवा प्रमुख अमरेंद्र कुमार, खंड कार्यवाह रंजीत कुमार, खंड शारीरिक शिक्षण प्रमुख गौरव कुमार, मुख्य शिक्षक सौरभ कुमार, संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षित पुराने स्वयंसेवक सह वरिष्ठ पत्रकार व अधिवक्ता कुमुद रंजन राव, सामाजिक सद्भाव प्रमुख दिलीप कुमार मंडल,खंड बौद्धिक शिक्षण प्रमुख डॉ. प्रोफेसर अमरेंद्र कुमार सिंह, खंड गौ संवर्धन प्रमुख मनमोहन यादव,राजेन्द्र साह, प्रदीप कुमार सिंह,बासुकीनाथ सिंह सहित करीब तीन दर्जन स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही मोहना, टेकनी,उपरामा,तिलकपुर,नरीपा, बामदेव,सकहारा,खिड्डी में भी गुरु पूजन उत्सव मनाया गया।
रिपोर्ट:केआर राव