कार से ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

रजौन, बांका : नवादा सहायक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के क्रम में जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य सड़क मार्ग पर अवस्थित कोतवाली चौक के समीप गुरुवार को सुबह एक टाटा टीगोर कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने जानकारी देते हुए बताया है कि गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप कोतवाली के रास्ते ले जाई जा रही है, इसको ध्यान में रखते हुए गुरुवार को सुबह कोतवाली चौक पर वाहन जांच कराई जा रही थी। वाहन जांच के क्रम में टाटा टीगोर कार से ले जाई जा रही भारी मात्रा में ट्रू गोल्ड ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई, साथ ही कार चालक सह शराब तस्कर मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत जिबछपुर निवासी चन्द्रेश्वरी प्रसाद यादव के पुत्र पप्पू कुमार को खदेड़कर गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई विदेशी शराब में 750 एमएल की 16 बोतल, 180 एमएल की 40 बोतल तथा 375 एमएल की 237 बोतल सहित कुल 293 बोतल है, जिसकी कुल मात्रा 108.075 लीटर बताई गई है। तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ-साथ कार को पुलिस अभिरक्षा में थाने में रखी गई है।

रिपोर्ट; केआर राव 

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post