ससुराल गए युवक की सर्पदंश से हुई मौत , स्वजनों में मचा हाहाकार

दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट


शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र के कम्मडी गांव के एक युवक की मौत ससुराल किरणपुर में सर्पदंश से हो गई। मृतक युवक श्याम सुंदर मंडल का 36 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार मंडल है। घटना शनिवार को हुई है। घटना के बाद दो गांवों में मातमी सन्नाटा पसर गया है।रमेश कुमार मंडल बंगाल के दुर्गापुर में किसी निजी कंपनी में काम करता था। दो दिन पहले रमेश गांव कम्मडी आया था। माता - पिता से मिलने के बाद रमेश ससुराल में रह रही पत्नी करूणा देवी और बच्चों से मिलने किरणपुर गांव गया।शुक्रवार की रात चारपाई पर सो रहे युवक रमेश को किसी जहरीले सर्प ने दंश कर लिया।पहले तो स्वजनों ने रमेश को बिषहरी स्थान एवं झाड़ - फूक के लिए तांत्रिक के पास ले गया।जब रमेश की हालत अधिक बिगड़ने लगी तो आनन - फानन में सीएचसी लाने की तैयारी करने लगा , लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।
श्यामसुंदर मंडल के तीन संतानों में सबसे बड़ा पुत्र राकेश मंडल की मौत बिमारी के कारण पहले हो गई। सबसे छोटा भाई राजू गांव में रहकर दिहाडी का काम करता है। घर का दारोमदार रमेश मंडल पर ही था , लेकिन इस घटना ने श्यामसुंदर के सभी अरमानों पर पानी फेर दिया।रमेश मंडल के चार संतानों में तीन पुत्री और एक पुत्र है। बड़ी पुत्री नेहा कुमारी इंटर की छात्रा है ।दुसरे नंबर पर इशा भारती दसवीं एवं सबसे छोटी अन्नू सातवी कक्षा में पढ़ती है ।एक पुत्र रिसभ कुमार पाचवीं कक्षा में पढ़ता है । पत्नी करूणा देवी ने बताया कि बड़ी पुत्री नेहा शयानी हो चुकी है।अगले वर्षों में शादी करने की भी तैयारी चल रही थी। इसके लिए एक - दो जगहों पर शादी की बात भी चल रही थी।अचानक इस घटना ने सब कुछ स्वाहा कर दिया। पत्नी तो दहाड़ मारकर रो रही थी कि अब सभी बच्चों का परवरिश कौन करेगा। पिता श्याम सुंदर , मां निर्मला देवी चिंतित थे कि अब बुढापे का सहारा कौन बनेगा।ग्रामीण पीड़ित स्वजनों को दिलासा देने में लगे थे ।स्वजनों ने घटना की सूचना थाना एवं अंचल को देते हुए आपदा के तहत मिलने वाली लाभ की मांग की है।थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत ने बताया कि यूडी केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा गया है ।सीओ अशोक कुमार सिंह ने इसकी सूचना जिला के आपदा विभाग में देने की बात कही है। क्षेत्र में एक माह के अंदर दो लोगों की मौत सर्पदंश के कारण हो गई। इसके पहले छत्रहार के सबूजा देवी की मौत हुई।दोनों की मौत झाड़ - फूक के कारण हुई है।अस्पताल प्रभारी डा अजय शर्मा ने बताया कि अस्पताल में सर्पदंश का इंजेक्शन प्रयाप्त है। यदि सर्पदंश की घटना हो जाए तो झाड - फूक में न पड़कर सीघे अस्पताल पहुंचे।

Post a Comment

आप सभी हमें अपना कॉमेंट / संदेश भेज सकते हैं...

Previous Post Next Post