दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) :विद्युत विभाग की अव्यवस्था से खिन्न महथूडीह के ग्रामीणों का धैर्य आक्रोश में बदल गया । बुधवार को करीब पांच दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं ने विद्युत कार्यालय का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया ।ग्रामीण डा शमीम , मु सिराग , मु सोहराव मु इम्तियाज , मु आफताब , मु खुशहाल , मु अकरम , दिलशान सहित अन्य ने बताया कि गांव में विद्युत व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर है। पिछले करीब चार दशकों से विद्युत मेंटनेंस का काम नहीं हुआ ा बिजली पोल और तार काफी जर्जर हो गई है।जिसके कारण आए दिन जर्जर तार टूटकर जमीन पर गिरती है।शार्ट सर्किट होने के कारण रोजना विद्युत आपूर्ति घंटो देर तक ठप रहती है। इसका दूसरा मुख्य कारण है कि उपभोक्ताओं की संख्या के हिसाब से मात्र 63 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। जबकि गांव में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सौ केवी ट्रांसफर्मर की आवश्यकता है। ग्रामीणों ने मानब बल पर आरोप लगाया कि जब भी ट्रांसफर्मर से फ्यूज उड़ती है अथवा जर्जर तार टूटकर गिरती है तो बगैर पैसा लिए काम नहीं करते हैं। बताया कि गांव के पश्चिम पोखर से एक किलोमीटर तक तार इस तरह जर्जर हो गया है कि कभी भी दुर्घटनाएं हो सकती है। करीब एक वर्ष पहले विभाग द्वारा विद्युत मेंटनेंस के नाम पर सिर्फ कागजी कालम पूरा किया गया।विभाग द्वारा कुछ जगहों पर जैसे - तैसे काम कर बांकि जगह जर्जर छोड़ दिया।बताया कि दो दिन पहले भी पोखर के समीप शार्ट सर्किट से दुर्घटना होने से बचा।इस समस्या कि शिकायत कई मरतबे विभाग के जेई से लेकर कार्यपालक अभियंता से कहा , लेकिन कोई असर नहीं पड़ा।अंत में ग्रामीणों को यह फैसला लेना पड़ा।बताया कि यदि अविलंव समस्या समाधान नहीं होती है तो सड़क पर उतरने के लिए विवश होंगे। इस संबंध में विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अमीत कुमार ने बताया कि महथूडीह गांव में बिजली तार जर्जर हो गई है। इसकी जानकारी जिला में दी गई है।बरसात के बाद समस्या समाधान कर दी जाएगी।