दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : शंभूगंज-ईंगलिशमोड़ मुख्य मार्ग पर भौरा मोड़ के समीप आटो की ठोकर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई. जबकि आटो पर सवार एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई ।मृतक की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के गौरय गांव निवासी 72 वर्षीय नौरंगी यादव के रूप में हुई है ।जबकि जख्मी महिला नयाचक निवासी 26 वर्षीय मधु कुमारी है। घटना रविवार देर शाम हुई है ।मृतक के पुत्र शिवचरण यादव सहित अन्य स्वजनों ने बताया कि पिता नौरंगी यादव मवेशी चराने के लिए बहियार गया था।अचानक शाम करीब सात बजे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। इधर जख्मी मधु कुमारी ने बताया कि तीज पर्व को लेकर गंगा स्नान करने सुलतानगंज गए। स्नान करने के बाद गंगाजल लेकर आटो से घर आ रहे थे।गौरय मोड़ के समीप अचानक मवेशी की झुंड देख चालक ने संतुलन खो दिया। जिससे आटो सड़क किनारे पलट गई।जहां सड़क पर पैदल चल रहे नौरंगी भी आटो की चपेट में आ गए ।स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज कुमार राउत घटनास्थल पहुंचे , लेकिन इस बीच चालक आटो छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने किसी तरह दोनों जख्मी को सीएचसी में भर्ती कराया। जख्मी की हालत नाजुक देख चिकित्सक डा हिमांशु शेखर ने बेहतर इलाज के लिए जेएलएमसीएच भागलपुर रेफर कर दिया , लेकिन रास्ते में ही बुजुर्ग नौरंगी यादव की मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया ।
नौरंगी यादव के दो पुत्रों में बड़ा पुत्र उदेश्वर यादव की मौत आठ वर्ष पहले कोलकता के एक ट्रेन दुर्घटना में हो चुकी है ।छोटा पुत्र शिवचरण पिता के साथ खेती - किसानी का काम करते हैं । पत्नी मैनकी देवी दहाड़ मार रही थी कि अब बुढ़ापे का सहारा कौन बनेगा। इस घटना में मृतक के पौत्र हरिबोल यादव ने अज्ञात आटो चालक एवं मालिक पर मामला दर्ज कराया है ।थानाध्यक्ष ने बताया कि हरिबोल के शिकायत पर मामला दर्ज की गई है । बताया कि आटो को जब्त कर थाना लाया गया है , और फरार चालक का पता लगाया जा रहा है।
