बांका: श्रावणी मेला का अंतिम समय आने के पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों के निष्क्रिय होते ही कांवरिया पथ सहित कटोरिया- चांदन पक्की सड़क के किनारे भी सभी जगह धीरे धीरे गंदगी जमा हो रहा है। इससे कांवरिया सहित आने जाने वालों को परेशानी हो रही है। सावन शुरू होते ही पंचायत प्रतिनिधि लगातार सफाई पर विशेष ध्यान दे रहे थे। और वरीय पदाधिकारी के निरीक्षण में भी यह बात सामने आ रही थी कि कांवरिया पथ की सफाई हर वर्ष से अच्छी है। लेकिन अंतिम समय आते आते गंदगी की भरमार होने लगी है ।इसमें खासकर गंदगी फैलाने वालों में वाहन से आने वाले कांवरिया भी शामिल हैं। जो अपने भोजन बनाने का सामान लाते हैं, और सड़क किनारे कहीं भी खाली जगह पर खाना बनाकर खाते हैं। और झूठा पत्ता सहित अन्य अवशेष छोड़ कर चले जाते हैं। जिसे जानवर और पशु पक्षी द्वारा इधर-उधर फैलाया जाता है। यही हालत हो कांवरिया पथ पर भी बनी हुई है। साथ ही साथ स्वयंसेवी संस्थाएं और कुछ दुकानदार भी अब धीरे-धीरे गंदगी साफ करने की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शुक्रवार को कुछ जगहों पर जब बीडीओ राकेश कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया तो गंदगी को देखते हुए उन्होंने खुद झाड़ू उठाने का निर्णय लिया। और कांवरिया पथ पर कई जगहों पर झाड़ू लगाकर उसे साफ किया। इसको देख कर एक बार फिर पंचायत प्रतिनिधि की ओर से इस काम में सहयोग किया जाने लगा। बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि कुछ जगहों पर गंदगी थी जिसे देखते हुए उन्होंने खुद उसे साफ करने का निर्णय लिया। जिसको देखकर कुछ स्थानीय दुकानदार भी सहयोग करने लगे और कांवरिया पथ के अबरखा,सुग्गासार, हड़खार में फिर एक बार पूरी तरह साफ हो गया।