दिव्यांशु राठौर की रिपोर्ट
शंभुगंज (बांका) : प्रखंड क्षेत्र में मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए बुधवार को थाना परिसर में थानाध्यक्ष पंकज कुमार रावत के नेतृत्व में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई ।जिसमें त्योहार को शांति एवं सदभावपूर्ण माहौल में मनाने पर विचार विमर्श हुआ। संचालन करते हुए बीडीओ प्रभात रंजन ने बताया कि मुहर्रम मुस्लिम समुदाय का मुख्य त्योहार है ।गांव से बाहर शहरों में रहने वाले युवा भी घर पहुंचते हैं ।ऐसे में बुजुर्गों का दायित्व है कि युवाओं को मार्गदर्शन दें ।थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व - त्योहार के मौके पर किसी भी तरह के अफवाह से ही अराजकता फैलती है। इसलिए लोगों को अफवाह से बचने की जरूरत है। यदि किसी भी तरह की समस्या हो तो समाधान करने के लिए पुलिस सदैव साथ खड़ी है। बताया कि क्षेत्र में एक दर्जन जगहों पर जुलूस निकलती है। इसलिए तय समय सीमा के अंदर तजिया का पहलाम करें। वहीं जोगनी के मु फरमान ने समस्या बताते हुए कहा कि जिस रास्ते से तजिया जुलूस निकाली जाती है , उसका कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया है। इसलिए तजिया जुलूस में समस्या हो सकती है।इस पर थानाध्यक्ष ने आवेदन देकर सीओ के साथ समस्या समाधान करने का आश्वासन दिया।इसके अलावे बैठक में त्योहार से संबंधित कई तरह की चर्चाएं हुई। मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह , राजद नेता गुलामनवी आजाद , मु गालिव रजा सहित कई लोग मौजूद थे।